अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर के बहाने वोट काटने की रणनीति बना रही

लखनऊ ,अखिलेश यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री जी एसआईआर में समाजवादियों का वोट काटने के लिए अधिकारियों पर दबाव बना रहे है। मुख्यमंत्री जी जहां जा रहे हैं वहां अधिकारियों के कान में बात कर वोट काटने के लिए कह रहे हैं। कह रहे है कमी निकालिए और समाजवादी पार्टी के लोगों का वोट काटिए।

अखिलेश यादव ने कहा कि अभी निर्वाचन आयोग के आंकड़े नहीं आए है। हमारे पास भी आंकड़े नहीं आये आखिर मुख्यमंत्री को कैसे पता चल गया कि चार करोड़ वोट कट गये है। सुनने में आ रहा है कि भाजपा के नेता और विधायक रात में निजी कम्पनियांे के साथ बैठकर चार करोड़ वोट बराबर करने के लिए हेराफेरी कर रहे है। उन्होंने कहा कि अगर चार करोड़ वोट कट गया तो 403 विधानसभा क्षेत्रों में हर जगह भाजपा का 84 हजार वोट कट गया है। यही भाजपा को हरायेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा एसआईआर के बहाने वोट काटने की रणनीति बना रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी जी भी कह रही है, भाजपा वोट काट रही है। लोगों का वोट का अधिकार छीन रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि सच्चाई यह है कि यह एसआईआर नहीं एनआरसी है। अगर कल को एनआरसी होगा तो सरकार इसके अलावा और कौन सा कागज मांगेगी। भाजपा सरकार जो काम खुद नहीं कर पा रही है वह चुनाव आयोग के द्वारा करा रही है। चुनाव आयोग भाजपा सरकार से मिला हुआ है। रामपुर में एक मां पर एफआईआर करना साबित करता है कि कुछ अधिकारी साजिश कर रहे है। हमें अपने पीडीए प्रहरियों पर गर्व है कि उन्होंनें जिम्मेदारी से काम किया है। वह बड़े पैमाने पर वोट बचा रहे हैं। हमें उम्मीद हैं वह सावधानी बरतेंगे। निगरानी भी करेंगे। भाजपा की साजिश षडयंत्र पर नजर रखकर वोट नहीं कटने देंगे। अब बिना नोटिस पहुंचे और स्पेलिंग की गलती से वोट काटने की साजिश हो रही है। उस पर भी सावधान रहना है।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में  अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की एकरंगी सरकार जनता के मुद्दों से डर गयी है। भाजपा विधान सभा में जनता के मुद्दों पर नहीं वंदे मातरम पर चर्चा करना चाहती है। जब लोक सभा में वंदे मातरम् पर चर्चा हो गयी तो अब एकरंगी लोग और क्या चर्चा करेंगे। जिन लोगों का आजादी की लड़ाई में कोई योगदान नहीं है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जिन्होंने तिरंगा नहीं फहराया वे वंदे मातरम पर क्या चर्चा करेंगे। इन लोगों ने न आजादी के पहले वंदे मातरम् गाया और न आजादी के बाद वंदे मातरम गाया। ये केवल ध्यान हटाने के लिए करते है। समाजवादी पार्टी के सभी विधायक तैयार हैं। सावधान है।ं

अखिलेश यादव ने कहा कि आज विधायकों की बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा हुई है। विधानसभा में उठने वाले महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई है। कोडीन सिरप कफ सिरप को लेकर पूरा प्रदेश चिंतित है। इसको लेकर पूरे देश में चिंता है। प्रधान सांसद के क्षेत्र वाराणसी से इतना बड़ा घोटाला चल रहा था। वाराणसी से शुरू होकर कप सिरप का घोटाला पूरे यूपी, देश और अन्य देशों में भेजा जा रहा था। प्रधान सांसद जी के क्षेत्र से हजारों करोड़ का घोटाला चल रहा था। इसके तार वाराणसी के बगल के जिले से जुड़ रहे है। इसमें 7 सौ कम्पनियां जुड़ी है। घोटाले में शामिल लोगों की सम्पत्तियों का आकलन करने वाले अधिकारी भाग रहे है। डरे हुए है। पत्रकारों को धमकी दी जा रही है। पत्रकार सच्चाई जानते हुए भी सच्चाई नहीं दिखा पा रहे है। सरकार सच दिखाने वाले पत्रकारों को सुरक्षा दे।

अखिलेश यादव ने कहा कि छोटी-छोटी घटनाओं पर बुलडोजर चलाने वाली सरकार का खिलौना बुलडोजर कहां है। क्या मुख्यमंत्री जी के खिलौना बुलडोजर का ड्राइवर भाग गया है या चाभी खो गयी। आखिरकार बुलडोजर कहां है? अब तक प्रदेश में 22 से 24 जगह बुलडोजर चला है। अम्बेडकर नगर में एक व्यक्ति का घर गिरा दिया गया। घर गिराने पर प्रशासन गैरकानूनी तरीके से समझौता कराने में लगा है। महराजगंज में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ भारत के मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि दोशी लोगों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नुकसान की भरपाई की जाए लेकिन हजारों करोड़ के नकली कफ सिरप के मामले में सरकार चुप है। यूपी में जिन 24 जगहों पर बुलडोजर चला है उसमें 22 पीडीए के लोग हैं। उन्हीं पर बुलडोजर चला है। नकली कफ सिरप मामले की जो एसटीएफ जांच कर रही है, वे सब मिले हुए हैं। एसटीएफ में सबसे ज्यादा एक ही जिले के लोगों का होना, उन्हीं से जांच कराया जा रहा है। इसमें क्या निष्पक्ष कार्रवाई होगी। सरकार नकली कफ सिरप वालों से मिली हुई है। गरीबों और बच्चों को ऐसा कफ सिरप दिया है जिससे कई जगह जान चली गयी है। हमारे क्षेत्र औरैया में भी बच्चों की जान चली गयी है। डॉक्टरों पर नौकरी का दबाव है। वह जानते है कि इसी कफ सिरप से बच्चों की जान गयी है लेकिन वह कहने और स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं। सरकार जानबूझकर अपने लोगों को बचा रही है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोक सेवा आयोग में जो घोटाले हो रहे है उसकी कल्पना नहीं की जा सकती है। अभी भर्ती का जो विज्ञापन आया है उसमें पिछड़ों के साथ धोखा हुआ है। पिछड़ों को जितना आरक्षण मिलना चाहिए वह नहीं मिला। किसानों को यूरिया नहीं मिल रही है। किसान इस सर्द मौसम में यूरिया के लिए लाइनों में खड़ा होकर इंतजार कर रहा है। खाद को लेकर सरकार की कोई तैयारी नहीं है। धान खरीद नहीं हो रही है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। महंगाई चरम पर है। बिजली का निजीकरण किया जा रहा है। कोयले से बनने वाली बिजली का एक भी यूनिट इस सरकार ने नहीं लगाया। कानून व्यवस्था ध्वस्त है।

अखिलेश यादव ने कहा कि बड़े-बड़े अपराधी और कोडीन के माफिया खुले आम घूम रहें है। पर्यावरण को लेकर बहुत चिंता की बात है। प्रदूषण के कारण अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच लखनऊ में नहीं हो पाया। नदियों का बुरा हाल है। सफाई नहीं है। एयर क्वालिटी बेहद खराब है। शहरों में प्रदूषण छाया है। दिल्ली से खराब हवा लखनऊ पहुंच गयीं। समाजवादी पार्टी के विधायक इन सभी मुद्दों पर सरकार को विधानसभा में घेरने का काम करेंगे।

बिहार में मुख्यमंत्री द्वारा महिला डॉक्टर का हिजाब खीचने को बहुत दुःखद घटना बताते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इसकी पूरी दुनिया में निन्दा हुई है। यह निन्दनीय है। ऐसा व्यवहार किसी को नहीं करना चाहिए।

 

Related Articles

Back to top button