सिलेंडर लीक होने से लगी आग में चार बच्चे झुलसे ,एक की मौत

फिरोजाबाद, फिरोजाबाद नगर के थाना दक्षिण क्षेत्र के तहत शुक्रवार रात में खाना बनाते समय सिलेंडर लीक होने से घर में लगी आग में चार बच्चे झुलस गए जिनमें से एक की शनिवार सुबह मृत्यु हो गयी।
पुलिस ने बताया कि थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ला मालवीय नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार की पत्नी का ऑपरेशन जिला अस्पताल में हुआ था। जिसकी वजह से देखरेख के लिए वह पत्नी के पास अस्पताल में थे। उनके चार बच्चे घर पर अकेले थे। शुक्रवार रात में बच्चे घर में खाना बना रहे थे। उसी दौरान संभवत सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। आग लगते ही बच्चे आग बुझाने के प्रयास में सभी चारों बच्चे झुलस गए। आग को देखकर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया।
आग पर काबू पाने के साथ ही झुलसे हुए चारों बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। बच्चों की घायल होने की सूचना पर विधायक मनीष असीजा जिला अस्पताल पहुंचे और अस्पताल अधीक्षक को भी रात में बुलाकर बच्चों के उपचार की व्यवस्था कराई गई। शनिवार को उपचार के दौरान धर्मेंद्र के छोटा बेटा हिमांशु सात वर्ष की मौत हो गई है जबकि अन्य 15 वर्ष काजल अनन्या 10 वर्ष तथा सूरज 12 वर्ष का उपचार जारी है।





