विश्व कैंसर दिवस से पहले यूपी पर्यटन की संवेदनशील पहल, 30 कैंसर मरीजों ने किया ‘लखनऊ दर्शन’

लखनऊ, विश्व कैंसर दिवस से एक दिन पूर्व मंगलवार को मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) ने 30 कैंसर मरीजों के लिए विशेष ‘लखनऊ दर्शन’ भ्रमण का आयोजन किया। डबल डेकर इलेक्ट्रिक बस के जरिए कराए गए इस शहर भ्रमण का उद्देश्य इलाज के कठिन दौर से गुजर रहे मरीजों को कुछ पल की राहत देना और उन्हें लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराना रहा।

यह विशेष टूर दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया गया, जो नियमित सुबह-शाम की सेवाओं से अलग था। विभिन्न आयु वर्ग के मरीज, डॉक्टर और सहयोगी मेडिकल स्टाफ इस यात्रा में शामिल रहे। पूरी व्यवस्था मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए की गई। यात्रा के दौरान हल्का व पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया गया तथा सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न भी भेंट किए गए।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल पर्यटन गतिविधि नहीं, बल्कि उम्मीद और सकारात्मक ऊर्जा से जुड़ा प्रयास है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अस्पतालों में उपचाररत मरीजों को खुले वातावरण में लाकर शहर की विरासत से जोड़ना, उनका मनोबल बढ़ाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना इस पहल का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन आगे भी समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए पर्यटन को अधिक संवेदनशील और समावेशी बनाने की दिशा में काम करता रहेगा।

मरीजों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अस्पताल की दिनचर्या से बाहर निकलकर शहर को देखना उनके लिए बेहद खास रहा। मरीज रजनी वर्मा ने कहा कि विधानसभा को अंदर से देखना उनके लिए यादगार अनुभव बना, वहीं अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि इस टूर ने उन्हें फिर से खुशी और सकारात्मकता का एहसास कराया।

मरीजों के साथ मौजूद चिकित्सक डॉ. अभिषेक के अनुसार, इस तरह के अनुभव मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी होते हैं। यात्रा के दौरान मरीज उत्साहित और प्रसन्न नजर आए, जो इस पहल की सार्थकता को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button