यूपी बोर्ड परीक्षा में 2.89 लाख परीक्षार्थी मिले अनुपस्थित, तीन नकल में धरे गए

लखनऊ, माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा शुक्रवार को आयोजित हाईस्कूल परीक्षा की प्रथम पाली में सामाजिक विज्ञान तथा इंटरमीडिएट की प्रथम पाली में कृषि विज्ञान एवं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय की परीक्षा प्रदेश भर में शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान दोनों पालियों को मिलाकर कुल 51,22,005 परीक्षार्थियों में से 48,23,046 उपस्थित रहे, जबकि 2,98,959 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए।
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के सचिव भगवती सिंह के मुताबिक प्रथम पाली में कुल 27,67,087 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 25,96,897 उपस्थित रहे, जबकि 1,70,190 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 23,54,918 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 22,26,149 उपस्थित और 1,28,769 अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए कुल तीन परीक्षार्थी पकड़े गए, जिनमें दो हाईस्कूल और एक इंटरमीडिएट का छात्र शामिल है। अब तक कुल सात परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़े जा चुके हैं। इसके अलावा प्रथम सूचना रिपोर्ट के तहत कुल पांच मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे अब तक दर्ज कुल एफआईआर की संख्या 11 हो गई है।
भगवती सिंह ने बताया कि प्रथम पाली में गाजियाबाद और प्रयागराज तथा द्वितीय पाली में झांसी, कन्नौज और एटा जनपदों में एक-एक परीक्षार्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। परिषद ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।





