जीवन में जहां भी रहूं, हर पल मेरा क्षेत्र और बिहार साथ रहे : नितिन नवीन

पटना, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरूवार को कहा कि जीवन में वह जहां भी रहें,हर पल उनका क्षेत्र और बिहार साथ रहे।
नितिन नवीन और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी पांच उम्मीदवारों ने आज राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पर्चा दाखिल कर दिया। इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।
इससे पूर्व श्री नवीन ने पटना के विभिन्न मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की और देवी-देवताओं का आशीर्वाद लिया। आज सुबह वह पटना के बांसघाट स्थित काली मंदिर एवं गोलघर स्थित माँ अखंडवासिनी मंदिर पहुंचे और विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद वे महावीर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की तथा बजरंग बली के साथ भगवान शिव का भी आशीर्वाद प्राप्त किया।
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भगवान का आशीर्वाद हर पल उनके साथ होता है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर मंदिर का उनके जीवन में एक खास स्थान है। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह एक अलग शुरुआत है और भारतीय जनता पार्टी के निर्णय के साथ सभी कार्यकर्ता सहमत होते हैं।
नितिन नवीन ने कहा कि उन्होंने काली मंदिर, महावीर मंदिर में दर्शन के साथ माता रानी और भगवान शिव का भी आशीर्वाद लिया और प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि भगवान उनको इतनी शक्ति दे कि जिस भाव से अब तक का सफर जारी रहा है, उसी भाव के साथ आगे बढ़ सकूं।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार से रिश्तों को लेकर कहा कि यह प्रदेश उनके जीवन में अलग स्थान रखता है, अपने क्षेत्र से उन्हें बहुत लगाव है। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी जड़ को छोड़कर कभी बड़ा नहीं होता है। जब आपकी जड़ मजबूत होगी तभी आपका वृक्ष बड़ा होगा।
नितिन नवीन ने कहा, “मैं मानता हूं कि बिहार मेरी जमीन है। इस जमीन को सींचते रहना, इसे हमेशा उपजाऊ बनाए रखना, ये मेरी आत्मा के अंदर बसा हुआ विषय है। मेरा मानना है कि जीवन के हर पल में जहां भी रहूं, मेरा क्षेत्र और मेरा बिहार हमेशा साथ रहे।”





