भाजपा ने फिर आम आदमी को लाइन में खड़ा होने को किया मजबूर: डिंपल यादव

जालौन, समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद डिंपल यादव ने रविवार को कहा कि मौजूदा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक बार फिर आम आदमी को लाइन में खड़े होने को मजबूर कर दिया है।

एक दिवसीय दौरे पर जालौन पहुंचीं डिंपल यादव ने गैस की किल्लत, महंगाई, उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर उठे विवाद और प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा। मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव कठेरिया समाज की ओर से आयोजित चौथे सामूहिक विवाह सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियां किसी से छिपी नहीं हैं। “डबल इंजन” की सरकार ने आम आदमी को नोटबंदी से लेकर अब गैस सिलेंडर तक के लिए लाइनों में खड़ा होने को मजबूर कर दिया है। सांसद ने कहा कि सरकार गैस का पर्याप्त भंडार होने का दावा करती है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग है। शादी-ब्याह के इस मौसम में लोगों को गैस सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है और कई जगह धक्के खाने पड़ रहे हैं। उनके अनुसार गैस की किल्लत, कालाबाजारी और बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।

उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र में “पंडित” शब्द के उपयोग को लेकर उठे विवाद पर उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के नेताओं को इस मुद्दे को खुलकर सरकार के सामने रखना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार इस विषय पर उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कहा कि पहले नोटबंदी और महामारी के दौरान लोग बैंक और अस्पतालों की लाइनों में खड़े रहे और अब गैस सिलेंडर के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। इससे स्पष्ट है कि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है।

किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले खाद की किल्लत और कालाबाजारी से किसान परेशान रहते थे और अब गैस सिलेंडर के मामले में भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिल रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम आदमी की परेशानियां कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त नौकरियां नहीं निकल रही हैं, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संविधान निर्माता डा भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने आरक्षण की व्यवस्था दी, लेकिन जब सरकारी नौकरियां ही नहीं होंगी तो युवाओं को उसका लाभ कैसे मिलेगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक दीप नारायण, कप्तान सिंह राजपूत, श्रीराम पाल, पूर्व मंत्री, जिला अध्यक्ष दीपराज गुर्जर, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद यादव, महेंद्र कठेरिया सहित समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button