सुरों की विरासत, अदब का कारवां: आकाशवाणी लखनऊ के गौरवशाली 88 वर्ष

लखनऊ , उत्तर प्रदेश और नवाबों के शहर की फिज़ाओं में ‘यह आकाशवाणी का लखनऊ केंद्र है’ की गूँज को 88 साल पूरे होने जा रहे हैं। अपनी मखमली आवाज़ों, अदब और तहजीब के लिए मशहूर आकाशवाणी लखनऊ आगामी दो अप्रैल को अपना स्थापना दिवस मना रहा है। इस उपलक्ष्य में गुरुवार (दो अप्रैल) को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के मार्स सभागार में 89वां स्थापना दिवस समारोह और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन शाम 5:00 बजे से किया गया है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी और विशिष्ट अतिथि माननीय उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी होंगे। इस अवसर पर प्रसार भारती के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री गौरव द्विवेदी (IAS ) और आकाशवाणी महानिदेशक राजीव कुमार जैन भी उपस्थित रहेंगे।
आकाशवाणी लखनऊ की कार्यक्रम प्रमुख सुमोना पांडेय ने कहा कि इस समारोह में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा राष्ट्र गान और राष्ट्रीय गीत का समूह गायन किया जाएगा। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री जी पद्मश्री अलंकृत विभूतियों और आकाशवाणी लखनऊ से जुड़े वरिष्ठ प्रसारकों को सम्मानित करेंगे।
इसके अलावा आमंत्रित श्रोताओं के समक्ष सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया है। इसमें लखनऊ, वाराणसी और मथुरा आकाशवाणी केंद्र के प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा फ्यूजन म्यूजिक, गजल और अवधी, भोजपुरी और ब्रज में गीत संगीत की प्रस्तुति होगी।
कार्यक्रम प्रमुख ने शहर के कला-प्रेमियों और युवाओं से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का सहभागी बनने का आग्रह किया है।




