प्रधानमंत्री के काशी दौरे से पहले सियासी पारा चढ़ा, पत्नी संग मीडिया के सामने आए अजय राय, उठाए गंभीर सवाल

वाराणसी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 28 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र काशी का दौरा प्रस्तावित है। इस दौरे से पहले उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सियासी हलचल तेज कर दी है। बुधवार को लहुराबीर स्थित अपने आवास के कैंप कार्यालय में अजय राय अपनी पत्नी रीना राय के साथ मीडिया के सामने आए और एक पोस्टर जारी कर प्रधानमंत्री पर सीधा हमला बोला।

अजय राय ने जसोदा बेन को सम्मान दिलाने की मांग करते हुए एक पोस्टर जारी किया। उन्होंने भाजपा के ‘नारी वंदन’ अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि “नारी सम्मान की बात करने वाले असल में महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं, यह हर कोई जानता है। जो लोग नारी वंदन की बात करते हैं, उन्हें सबसे पहले जसोदा बेन को उचित सम्मान देना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा कि असली नारी सम्मान का उदाहरण यह है कि उनकी धर्मपत्नी आज उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर बैठी हैं। श्री राय ने तंज कसते हुए कहा कि बातों पर अमल करना और केवल बातें करना, दोनों में जमीन-आसमान का फर्क होता है।

अजय राय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि देश ने संसद में देखा है कि ये लोग महिलाओं का कितना सम्मान करते हैं। उन्होंने मुंबई की एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार नारी शक्ति वंदन का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ महिलाएं सड़कों पर उतरकर मंत्रियों का विरोध कर रही हैं।

अजय राय की पत्नी रीना राय ने भी इस मुद्दे पर मुखर होकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि 28 अप्रैल को प्रधानमंत्री अपनी पत्नी के साथ काशी आएं।” “वे अपनी पत्नी के साथ बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करें, तभी सही अर्थों में नारी सम्मान समझा जाएगा।”

उन्होंने यह भी कहा कि यदि ऐसा नहीं होता, तो सरकार को ‘नारी वंदन’ के नाम पर महिलाओं को भ्रमित करना बंद कर देना चाहिए। प्रधानमंत्री के आगमन से ठीक पहले अजय राय के इस आक्रामक रुख ने वाराणसी के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज कर दी हैं।

Related Articles

Back to top button