उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप, बिजली की कटौती से लोग परेशान

नयी दिल्ली, भारत मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में कम से कम अगले चार-पांच दिनों तक लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश, ओडिशा, विदर्भ, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम राजस्थान के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 40-45 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी कर्नाटक, तेलंगाना, रायलसीमा और तमिलनाडु में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि कई राज्यों के मैदानी इलाकों में रात का तापमान भी 20 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।
उत्तर भारत में लगातार बढ़ती इस गर्मी के बीच बिजली की कटौती से आम लोगों का जीना मुहाल हो गया है। महाराष्ट्र का नागपुर शहर पिछले कुछ दिनों से 44 डिग्री सेल्सियस तापमान की मार झेल रहा है। भीषण गर्मी के बीच यहाँ बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नागरिकों का आरोप है कि बिना किसी पूर्व सूचना के दिन में कई बार बिजली काटी जा रही है।
उत्तर भारत में भी स्थिति अलग नहीं है। पंजाब में बढ़ते तापमान के बीच बिजली की लंबी कटौती की जा रही है। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) ने बिजली लाइनों की मरम्मत और सिस्टम अपग्रेड का हवाला देते हुए कई हिस्सों में आठ से 10 घंटे तक की कटौती लागू की है।
यह सिलसिला अप्रैल के आखिरी हफ्ते तक जारी रहने की आशंका है, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ औद्योगिक इकाइयों की भी चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली न मिलने से उन किसानों को भारी समस्या हो रही है जो खेती के काम के लिए बिजली पर निर्भर हैं।





