बुलंदशहर में युवती को जिंदा जलाने को लेकर आक्रोश

बुलंदशहर,  उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में युवती को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के मामले में उपचार के दौरान उसकी मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के सालवानपुर गांव में करीब आठ दिन पूर्व एक युवती अपने प्रेमी की सगाई की सूचना मिलने पर उसके घर पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान प्रेमी और उसके परिजनों ने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

घटना की सूचना पर पुलिस एवं डायल-112 पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और करीब 90 प्रतिशत तक झुलसी युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया, जहां दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

युवती की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों की तहरीर पर अहमदगढ़ थाने में युवती के प्रेमी सहित पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना के आठ दिन बाद भी शेष आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं।

Related Articles

Back to top button