Breaking News

उपराष्ट्रपति वेंकैया और पीएम मोदी ने दी राष्ट्रपति कोविंद को जन्मदिन की बधाई

नयी दिल्ली, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह और कई नेताओं ने मंगलवार को राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को जन्मदिन की बधाई दी।

श्री नायडू ने टि्वटर पर अपने बधाई संदेश में कहा, “मैं भारत के माननीय राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद जी को आज उनके जन्मदिन पर अपनी शुभकामनाएं देता हूं। राष्ट्रपति कोविंद एक प्रेरणादायक नेता हैं।”

उपराष्ट्रपति एक अन्य ट्वीट में कहा, “ वह अपनी विनम्रता और सादगी, अपनी गहरी बुद्धि तथा गरीबों और दलितों के लिए उनकी चिंता करने के लिए जाने जाते हैं। भारतीय गणतंत्र के पहले नागरिक के रूप में, वह अपने दृष्टिकोण, विचारों और कार्यों के साथ राष्ट्र को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मार्गदर्शन कर रहे हैं।”

श्री मोदी ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की बधाई देते हुए ट्वीट किया, “राष्ट्रपति जी को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई। भारत को उनकी अंतर्दृष्टि और नीतिगत मामलों की महत्वपूर्ण समझ से लाभ हुआ है। गरीबों और दलितों को सशक्त बनाने के प्रति उनके जुनून को हमेशा देखा जा सकता है। ईश्वर उन्हें लंबी आयु और स्वस्थ जीवन प्रदान करें।”

केन्द्रीय गृह मंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने टि्वटर पर अपने बधाई संदेश में कहा, “राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ। 130 करोड़ भारतीयों के कल्याण के प्रति आपका समर्पण अनुकरणीय है। हर वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के आपके प्रयास सभी को प्रेरित करते हैं। ईश्वर से आपके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने हिंदी में ट्वीट किया, “आदरणीय राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविंद जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आपके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं। आप के मार्गदर्शन में देश सदा आगे बढ़ता रहे।”

श्री कोविंद का जन्म एक अक्टूबर 1945 को उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के एक छोटे से गांव परौंख में हुआ था। कानपुर के डीएवी कॉलेज से वाणिज्य में स्नातक और एलएलबी की डिग्री हासिल करने वाले श्री कोविंद 25 जुलाई 2017 को राष्ट्रपति बनने से पहले बिहार के राज्यपाल थे।