Breaking News

कोरोना के खिलाफ युद्ध में एक पुलिस अधिकारी शहीद

भोपाल, मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के नीलगंगा थाने में पदस्थ एक पुलिस अधिकारी श्री यशवंत पाल कोरोना वायरस ‘कोविड 19’ के खिलाफ युद्ध में शहीद हो गए। वे 59 वर्ष के थे।

नीलगंगा थाना प्रभारी स्वर्गीय श्री यशवंत पाल को कोरोना संक्रमित होने के बाद इंदौर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहां आज तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली। वे ड्यूटी के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गए थे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चाैहान ने श्री यशवंत पाल के निधन पर शोक जताते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है।

उन्होंने कहा कि कोविड 19 से लड़ते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर प्राण त्याग देने वाले उज्जैन नीलगंगा के थाना प्रभारी यशवंत पाल को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। हम सब उनके परिवार के साथ हैं।

मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी ने उज्जैन के नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा है कि वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ साहसिक जंग लड़ते हुए यशवंत पाल ने अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। श्री जौहरी ने मध्यप्रदेश पुलिस परिवार की ओर से उनकी शहादत को कोटिशः नमन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।