Breaking News

पुलिस और नक्सली मुठभेड़ में एक महिला नक्सली की मौत……

बीजापुर,  छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में आज नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में एक महिला नक्सली की मौत हो गई। घटनास्थल की सर्चिंग में तीन बंदूकें बरामद हुई हैं।

उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशांत जम्बोलकर ने बताया कि जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र से आज सुबह केन्द्रीय सुरक्षा बल 204 कोबरा बटालियन के जवान गश्त पर निकले थे। इस दौरान टेकलगुड़ा जंगल के पास घात लगाकर नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर गोलीबारी की।

जवानों ने भी तत्काल मोर्चा संभालकर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक महिला नक्सली मारी गई। बाद में मुठभेड स्थल की सर्चिंग में एक 10 बोर राइफल और दो कंट्री मेड गन बरामद हुई हैं। मृत महिला नक्सली की शिनाख्त अभी नहीं हो पाई है।