Breaking News

यूपी में भाजपा का विकल्प बनकर उभर रही है आप : संजय सिंह

लखनऊ, आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने गुरूवार को दावा किया कि उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार से परेशान जनता उनकी पार्टी की विचारधारा और विकासपूर्ण नीतियों की ओर तेजी से आकर्षित हो रही है।

श्री सिंह ने व्यापारी संगठन के सदस्यों को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के बाद कहा कि भाजपा की वजह से आज हर तबके लोग परेशान है, व्यापारी संगठन उनमें से एक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने नोटबंदी, सीलिंग, जीएटी और ना जाने कितने ऐसे कार्य किये जिसके प्रभाव से व्यापारी संगठन अब तक नहीं उभर पाया है। हताश-परेशान होकर आज उत्तर-प्रदेश में सैकड़ों व्यापारी संगठन के लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

वहीं दिल्ली के मुख्य सचेतक व विधायक दिलीप पाण्डेय ने कहा कि, आम आदमी पार्टी एक राजनीतिक पार्टी ही नहीं बल्कि एक परिवार है और इस परिवार का हर सदस्य अपने आप में बहुत खास है। भाजपा को देश की जनता से कोई सरोकार नहीं है। भाजपा केवल अपना भला देखती है। यह लोग नफरत की राजनीति करते हैं, जात-पात व धर्म की राजनीति करते हैं। उन्हें जनता की तकलीफों का बिल्कुल अहसास नहीं है।

इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक मनीष कुमार वर्मा रहे जो कि लखनऊ महानगर के सर्राफा एसोसिएशन के अध्य्क्ष है।