Breaking News

अपने पैतृक गांव पहुंचे अखिलेश यादव, दिवाली पर जमी चौपाल

इटावा, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव दीपावली मनाने परिवार के साथ अपने गांव सैफई पहुंचे और दिवाली पर गांव मे चौपाल जमी।
सपा अध्यक्ष शनिवार को परिवार के साथ अपने गांव सैफई पहुंचे थे। रविवार सुबह यहां से उन्होंने प्रदेश वासियों को दिवाली की बधाई दी। उन्होने कहा कि पर्व का आयोजन विशेष उद्देश्य से होता है। ताकि लोग आपस में परस्पर सहयोग, सौहार्द और सद्भाव के साथ जीवन यापन करें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के लिए सपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा रही। सपा प्रमुख ने कन्नौज से आए सपेरों की बीन की धुन पर जमकर समाजवादी गीत सुने।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने का कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। तीन घंटे तक उन्होंने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने भी जमकर समाजवादी गीतों को आनंद लिया। इस मौके पर पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, गोपाल यादव, पूर्व राज्य मंत्री विश्राम सिंह यादव, पूर्व सांसद तेज प्रताप सिंह यादव, शिवराम सिंह यादव मौजूद रहे।

 अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ने भाजपा सरकार को इशारा दे दिया है। जनता का यदि यही रुख रहता है तो आने वाले दिनों में बदलाव की राजनीति दिखाई देगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों की आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ये सरकार के कार्यों पर सवाल खड़े कर रही हैं।
नोटबंदी और उसके बाद जीएसटी के कारण उद्योग धंधे बंद हो गए हैं। इस कारण लोग बेरोजगार हो गए हैं।