Breaking News

सेना के जवान अभिषेक यादव की सड़क हादसे में मौत

गाजीपुर,  पिछले साल सेना में भर्ती होने के बाद पहली बार छुट्टी पर गाजीपुर अपने घर आने के एक दिन पहले ही सेना के जवान अभिषेक यादव की सड़क हादसे में मृत्यु की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मचा है।

गाजीपुर जिले के हरियाबाद थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव निवासी रामजनम यादव का 23 वर्षीय पुत्र अभिषेक यादव पिछले साल सेना में भर्ती हुआ था और असम में तैनात था। अभिषेक नौकरी पाने के बाद पहली छुट्टी पर तीन जून को घर आने वाला था लेकिन 30 मई को जवानों की जीप खाई में पलट गई और हादसे में अभिषेक यादव की मृत्यु हो गई। घर आने से एक दिन पहले बुधवार सुबह अभिषेक की मृत्यु की खबर मिली,जिससे परिवार में कोहराम मचा है। अभिषेक की मृत्यु की सूचना मिलते ही उसके पिता रामजनम यादव और बड़ा भाई हरिकेश यादव असम के लिए रवाना हो गए हैं। जवान का पार्थिव शरीर कल तीन जून को पैतृक गांव पहुंचने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि 30 मई के हादसे में जीप सवार पांच जवानों में से दो की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी जबकि तीन घायल हो गये थे। घायल जवानों को असम के तेजपुर स्थित सैनिक अस्पताल मे भर्ती कराया गया था। जहां बुधवार सुबह घायल अभिषेक यादव की मृत्यु हो गई।