Breaking News

भाजपा ने लोकसभा उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, यूपी से 40 नाम घोषित

नयी दिल्ली ,  भारतीय जनता पार्टी  ने 2019 के लोकसभा चुनावों के लिए गुरुवार को पहली सूची जारी कर दी है ।

भाजपा की केन्द्रीय चुनाव समिति के सचिव एवं केन्द्रीय मंत्री जे पी नड्डा ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में पहली सूची में 182 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की, जिसमे से 40 नाम यूपी से हैं।

भारतीय जनता पार्टी से टिकट पाये प्रमुख लोगों मे, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वाराणसी से फिर चुनाव लड़ेंगे, जबकि लाल कृष्ण आडवाणी का गांधी नगर से टिकट कट गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह गांधी नगर से चुनाव लड़ेंगे।

बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से फिर चुनाव लड़ेंगे, वहीं एक और बीजेपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी नागपुर से भाजपा उम्मीदवार होंगे।

अमेठी से स्मृति ईरानी एकबार फिर मैदान में होंगी, गौतमबुद्ध नगर से विवादित बयान देने वाले केन्द्रीय मंत्री महेश शर्मा चुनाव लड़ेंगे। मथुरा से हेमामालिनी फिर मैदान में उतारी गयीं है, वहीं  गाजियाबाद से जनरल वी के सिंह चुनाव लड़ेंगे।

 श्रम मंत्री संतोष गंगवार बरेली से, मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह बागपत से, सूचना एवं प्रसारण मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ को जयपुर ग्रामीण सीट से, पूर्व मंत्री संजीव बालियान मुजफ्फरनगर से, श्रीमती हेमा मालिनी मथुरा से, साक्षी महाराज उन्नाव से, श्री राजेन्द्र अग्रवाल मेरठ से और श्री सतीश गौतम अलीगढ़ से उम्मीदवार घोषित किये गये हैं।

केन्द्रीय मंत्री कृष्णा राज की जगह अरुण सागर को शाहजहांपुर से भाजपा उम्मीदवार बनाया गया।