कोरोना मामले 26.41 लाख के पार, मृतकाें की तादाद 51 हजार के करीब

कोरोना मामले 26.41 लाख के पार, 19.11 लाख से अधिक स्वस्थ

नयी दिल्ली , देश में रविवार रात तक कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के 52 हजार से अधिक मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 26.41 लाख के पार पहुंच गयी तथा 884 और लोगों की मौत होने से मृतकाें की तादाद 51 हजार के करीब पहुंच गयी लेकिन राहत की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की दर 72 फीसदी के पार पहुंच गयी है।
विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार आज देर रात तक 52,088 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या 26,41,296 हो गयी तथा मृतकों की संख्या 50,969 हो गयी है। स्वस्थ होने वालों की दर में निरंतर हो रही वृद्धि के बावजूद संक्रमण के नये मामले बढ़ने से देश में इस दौरान सक्रिय मामलों में 1,087 की बढ़ोतरी हुई जिससे इनकी संख्या 6,78,531 हो गयी है।


राहत की बात यह है कि इस दौरान 50,620 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त हाेने वालों की संख्या भी 19,11,292 पर पहुंच गयी। इस प्रकार स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर बढ़कर आज 72.36 प्रतिशत हो गयी जो रविवार को 71.72 फीसदी थी जबकि मृत्यु दर घटकर 1.92 फीसदी रह गयी।
राज्यों से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक महाराष्ट्र में सबसे अधिक 11,111 मामले सामने आये। इसके बाद आंध्र प्रदेश में 8,012, कर्नाटक में 7,040 , तमिलनाडु में 5,950 , उत्तर प्रदेश में 4,357 , ओडिशा में 2,942 , बिहार में 2,187 , केरल में 1530 , पंजाब में 1165 , गुजरात में 1120 , मध्य प्रदेश में 1022 तथा राजधानी दिल्ली में महज 652 मामले सामने आये।
कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में नये मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5,95,865 पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में 8,837 मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या भी 4,17,123 हो गयी। इस दौरान 288 और लोगों की इससे मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 20,037 हो गयी है।
राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर आज आंशिक वृद्धि के साथ बढ़कर 70 फीसदी हो गयी जो शनिवार को 69.82 प्रतिशत थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर भी घटकर 3.36 प्रतिशत पर आ गई। राज्य में कुल सक्रिय मामलों की संख्या आज 1,58,395 रही जो शनिवार को 1,56,409 रही थी। सक्रिय मामलों में 1,986 मरीजों की वृद्धि दर्ज की गयी जो बड़ी चिंता की बात है।