Breaking News

सवा पांच लाख के पार हुए कोरोना मरीज, रिकवरी दर 58.53 फीसदी

नयी दिल्ली, देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) से संक्रमितों की संख्या शनिवार की रात तक सवा पांच लाख के पार पहुंच गयी लेकिन इसके साथ ही स्वस्थ होने वालों की दर भी निरंतर बढ़ती ही जा रही है।

देश में आज संक्रमितों के स्वस्थ होने की दर बढ़कर 58.53 फीसदी हो गयी जबकि मृत्यु दर महज 3.04 प्रतिशत रही। शुक्रवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 58.30 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर महज 3.15 प्रतिशत रही। गुरुवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 57.72 रही जबकि मृत्यु दर 3.12 फीसदी रही। बुधवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 57.31 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर 3.15 प्रतिशत रही। मंगलवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 56.67 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर महज 3.18 फीसदी रही। सोमवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 55.84 फीसदी थी। रविवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 55.70 फीसदी रही जबकि मृत्यु दर महज 3.20 प्रतिशत रही। पिछले एक सप्ताह में मरीजों के स्वस्थ होने की दर में करीब तीन फीसदी से अधिक का इजाफा हुआ है।

‘कोविड19इंडियाडॉटओआरजी’ के आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 527738 मामलों की आज रात तक पुष्टि हो चुकी है जबकि सुबह यह संख्या 508953 थी। अब तक कुल 308928 मरीज स्वस्थ हुये हैं जबकि करीब 16088 लोगों की इस महामारी से मौत हो चुकी है। अन्य 202644 मरीजों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

इन आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सक्रिय मामलों की तुलना में स्वस्थ लोगों की संख्या करीब एक लाख के पार पहुंच चुकी है। इससे यह भी साफ है कि देश में अब तक कोरोना वायरस के जितने मरीज आये हैं, उनमें से आधे से अधिक पूरी तरह बीमारी से निजात पा चुके हैं। समय पर कोरोना वायरस के संदिग्ध मामलों की जांच और उनका सही तरीके से इलाज इसमें अहम भूमिका निभा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि भारत में महामारी के मामलों या रोगियों का जल्द पता लगने, समय पर परीक्षण एवं निगरानी, मरीजों के संपर्क में आए लोगों के व्‍यापक रूप से पता लगाने और प्रभावकारी नैदानिक प्रबंधन या उपचार की बदौलत इस वायरस के कारण मरने वाले लोगों की संख्‍या को कम करने में मदद मिली है। यह कोविड-19 की रोकथाम, नियंत्रण और प्रबंधन के लिए राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के साथ मिलकर केंद्र सरकार द्वारा श्रेणीबद्ध, पूर्व-निर्धारित और अत्‍यंत सक्रिय नजरिया अपनाने का भी एक प्रमाण है।

इस बीच देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 220479 नमूनों की जांच की गयी जिससे अब तक जांच किये गये नमूनों की कुल संख्या करीब 80 लाख हो गयी है।

केंद्रीय चिकित्सा अनुसंधार परिषद (आईसीएमआर) ने शनिवार को बताया कि इस दौरान देश में कोविड-19 की जांच करने वाली लैब की संख्या बढ़कर 1026 हो गयी है। इन सभी लैब में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 220479 नमूनों की जांच की, जिससे अब तक जांच किये गये कुल नमूनों की संख्या बढ़कर 7996707 हो गयी है।

उल्लेखनीय है कि यह लगातार चौथा दिन रहा, जब एक दिन में दो लाख से अधिक नमूनों की जांच की गयी है। जांच का यह आंकड़ा अब तक का सर्वाधिक है।