Breaking News

दिल्ली में कोरोना के रिकॉर्ड 2414 नये मामले, संक्रमितों की संख्या 47 हजार पार

नयी दिल्ली ,  राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस (कोविड-19) का संक्रमण पिछले 24 घंटों में कहर बनकर टूटा और रिकॉर्ड 2414 नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों का आंकड़ा 47 हजार को पार कर गया। इस दौरान कोविड-19 के 67 मरीजों की मौत हुई।

दिल्ली सरकार की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार 2414 नये मामले सामने आने से कुल संक्रमितों की संख्या 47102 हो गयी है। मृतकों की संख्या 67 बढ़कर 1904 पहुंच गई। दिल्ली में आज 510 मरीज कोरोना संक्रमण से जंग जीते और अब तक 17457 लोग कोरोना को शिकस्त दे चुके हैं। आज सक्रिय मामलों की संख्या 27741 रही।

दिल्ली सरकार के मुताबिक फिलहाल 25020 कोरोना मरीज़ों को उनके घरों में ही आइसोलेशन में रखा गया है। अब तक 312567 लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। कंटेनमेंट जोन की संख्या 242 है। दिल्ली के अस्पतालों में कुल कोरोना मरीज 5528 हैं। आईसीयू में 850 और वेंटिलेटर पर 215 मरीज हैं। आज अस्पतालों में 535 नये मरीज दाखिल हुए और 424 को छुट्टी मिली।

महाराष्ट्र इस महामारी से देश में सबसे अधिक प्रभावित हुआ है। राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 113445 और मृतकों की संख्या बढ़कर 5537 हो गयी है। राज्य में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 57851 हो गयी है।
कोरोना वायरस से प्रभावित होने के मामले में तमिलनाडु दूसरे स्थान पर है, जहां संक्रमितों की संख्या 50000 के पार पहुंच गयी है और अब तक इस वायरस से 576 लोगों की मौत हुई है। राज्य में संक्रमिताें की कुल संख्या 50193 हो गयी है जबकि 27624 लोगों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।
कोरोना के कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और देश में यह संक्रमितों की संख्या के मामले में तीसरे स्थान पर है। राजधानी में कोरोना संक्रमितों की संख्या 44688 है और मृतकों की कुल संख्या 1837 हो गई है। मौत के मामले में दिल्ली महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर है। राजधानी में 16500 मरीजों को उपचार के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
देश का पश्चिमी राज्य गुजरात कोविड-19 के संक्रमितों की संख्या के मामले में चौथे स्थान पर है, लेकिन मृतकों की संख्या के मामले में यह महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद तीसरे स्थान पर है। गुजरात में अब तक 25148 लोग वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 1561 लोगों की मौत हुई है। राज्य में 17438 लोग इस बीमारी से स्वस्थ भी हुये हैं।
आबादी के हिसाब से देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के अब तक 15181 मामले सामने आए हैं तथा इस वायरस से 465 लोगों की मौत हुई है जबकि 9239 मरीज स्वस्थ हो गए हैं।
राजस्थान में भी कोरोना का प्रकोप जोरों पर है और यहां संक्रमितों की संख्या 13338 हो गयी है और अब तक 309 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10125 लोग पूरी तरह ठीक हुए हैं।
पश्चिम बंगाल संक्रमितों की संख्या के मामले में सातवें स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 12300 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं तथा 506 लोगों की मौत हुई है और अब तक 6532 लोग स्वस्थ हुये हैं।
मध्य प्रदेश में 11083 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 476 लोगों की इससे मौत हुयी है जबकि 8152 लोग स्वस्थ हुए हैं।
इस बीच हरियाणा नौवें स्थान पर पहुंच गया है। राज्य में 8381 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 118 लोगों की मौत हुयी है।
दक्षिण भारतीय राज्य कर्नाटक में 7734 और आंध्र प्रदेश में 7071 लोग संक्रमित हुए हैं तथा इन राज्यों में इससे मरने वालों की संख्या क्रमश: 102 और 90 है।
इसके बाद बिहार में अब तक 6940 लोग संक्रमित हुए हैं तथा 39 लोगों की मौत हुई है।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5406 हो गई है और अब तक इससे 64 लोगों की मौत हुई है।
इसके अलावा पंजाब में 78, उत्तराखंड में 25, केरल में 21, ओडिशा में 14, झारखंड और छत्तीसगढ़ में नौ-नौ, असम में आठ, हिमाचल प्रदेश में सात, चंडीगढ़ में छह, पुड्डुचेरी में पांच, त्रिपुरा, लद्दाख और मेघालय में इस महामारी से एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।