Breaking News

दहशत में है देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करने वाले धोनी : दीपक प्रकाश

रांची, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एवं पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने रविवार को कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी की बेटी पर जिस तरह से भद्दी टिप्पणी करते हुए धमकियां दी गई है उससे झारखंड शर्मसार हुआ है।

श्री प्रकाश ने यहां कहा कि जिस प्रकार से धौनी की पुत्री को लेकर भद्दी टिप्पणी करते हुए धमकी दी गई है, उससे झारखंड शर्मसार हुआ है। देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करने वाले महान क्रिकेटर श्री महेंद्र सिंह धौनी का परिवार आज दहशत में है। इससे राज्य की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है।
भाजपा सांसद ने कहा कि श्री धोनी एक व्यक्ति नही बल्कि झारखंड की पहचान है, राज्य के लाखों युवाओं के आदर्श है। खेल जगत और विशेषकर क्रिकेट से जुड़े युवा उन्हें अपना आदर्श मानते है। लेकिन जिसप्रकार से उन्हें धमकी मिली है उससे राज्य की युवा शक्ति गुस्से में है। उन्होंने कहा कि महेंद्र सिंह धौनी के परिवार को धमकी देने वाले अपराधी को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार करे राज्य सरकार नही तो भाजपा इसपर पूरे प्रदेश में सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।
श्री प्रकाश ने कहा कि आज राज्य में कोई भी सुरक्षित नही है।अपराधी बेखौफ हो गए है। लगातार प्रदेश में सामाजिक राजनीतिक कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। शहीद के वंशज की हत्या हो जाती है, अखबार के संपादक को धमकाया गया, नाबालिग को जिंदा जला दिया जाता है। वहीं, उग्रवादी आम नागरिक को आये दिन निशाना बना रहे, लेकिन राज्य सरकार मूक दर्शक बनी बैठी है।