Breaking News

बेलागवी से मैसुरु जा रहे ट्रूजेट के विमान की आपात लैंडिंग

मैसुरु, कर्नाटक के बेलागवी से मैसुरु जा रही ट्रूजेट के यात्री विमान की दिशा परिवर्तित की गयी और चेन्नई में आपात लैंडिंग कराई गयी।
यह घटना सोमवार रात की है जब तकनीकी खराबी के कारण ट्रूजेट के विमान की चेन्नई में आपात लैंडिंग हुई।

विमान में सवार यात्रियों ने बताया कि इसके कारण उन्हें अपने-अपने गंतव्य स्थानों तक पहुंचने में न केवल देरी हुई बल्कि ट्रूजेट एयरलाइन के कर्मचारियों ने उनके साथ खराब व्यवहार किया और उन्हें काफी असुविधा हुई।

बेलागवी के एक व्यवसायी सचिन सबनिस ने बताया कि मैसुरु हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान विमान में तेज आवाज आई। विमान मैसुरु हवाई अड्डे पर उतर नहीं सका और चेन्नई में उसकी आपात लैंडिंग हुई। सचिन ने बताया कि चेन्नई में विमान से उतरने के बाद उसने देखा कि विमान का एक हिस्सा मुड़ गया है। संभवत: विमान का लैंडिंग गियर खराब हो गया था।

सचिन के मुताबिक लैंडिंग के आधे बाद तक यात्रियों को विमान से नहीं निकाला गया। दो घंटे तक यात्रियों को बिना भोजन-पानी के रखा गया।

इस बीच, मैसुरु हवाई अड्डे के निदेशक आर मंजूनाथ ने बुधवार को कहा कि विमान की दिशा बदलने के बाद उसकी आपात लैंडिंग खराब मौसम और बारिश के कारण हुई।