Breaking News

पत्रकार अर्णब गोस्वामी के खिलाफ कई शहरों मे एफआईआर, कांग्रेस ने की गिरफ्तार करने की मांग?

नयी दिल्ली, रिपब्लिक टीवी के एडिटर अर्नब गोस्वामी के खिलाफ सामाजिक वैमनस्यता को बढ़ावा देने के चलते देश के कई शहरों मे केस दर्ज किये गयें हैं। इसके साथ ही पालघर लिंचिंग घटना के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को जिम्मेदार ठहराने के आरोप में भी केस दर्ज किया गया है।

कांग्रेस ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और देश में नफरत फैलाने के आरोप में वरिष्ठ पत्रकार अर्णब गोस्वामी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की है।

श्री गोस्वामी ने रिपब्लिक टीवी पर एक लाइव में मंगलवार को कथित रूप से श्रीमती गांधी के लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया और कहा कि वह पालघर की घटना को लेकर जानबूझकर चुप्पी साधे हुए हैं। कांग्रेस का कहना है कि टीवी पर जारी इस कार्यक्रम में श्रीमती गांधी के जन्म स्थान को लेकर भी गलत टिप्पणी की गयी।

पार्टी के विधि विभाग के प्रमुख विवेक तन्खा ने बुधवार को कहा कि श्री अर्णब ने इस टीवी कार्यक्रम में लाइव बहस के दौरान श्रीमती गांधी के लिए जिस शब्दावली का इस्तेमाल किया, वह घिनौनी भाषा थी और इसके लिए उन्हें क्षमा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी देश की प्रमुख राजनेता हैं। वह पांच बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुई हैं और प्रमुख राजनीतिक दल की अध्यक्ष हैं। इसके अलावा वह एक महिला हैं और उनके लिए इस तरह की शब्दावली का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, इसलिए श्री गोस्वामी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उसे तत्काल हिरासत में लिया जाना चाहिए और उस पर मुकदमा चलना चाहिए।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए ट्वीट किया “प्रधानमंत्री जी, श्रीमती सोनिया गाँधी ने एक पत्नी, एक माँ और देश पर पति की क़ुर्बानी के बाद एक विधवा के तौर पर देश सेवा का फ़र्ज़ निभाया,क्योंकि ये उनका भी वतन है। गंदी व फूहड़ भाषा बोलने वाले आपके चाटुकार टी.वी पत्रकार चाहे यह न समझ पाएँ पर मर्यादा पुरुषोत्तम जनता पहचानती है।”
उन्होंने कहा कि श्रीमती गांधी इस देश में 50 साल से अधिक समय से हैं और इस देश के लिए उन्होंने अपने परिवार का बलिदान दिया है। उनके खिलाफ जिस एंकर ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है वह आपका चहेता है और उसको लेकर आपकी चुप्पी उसकी भाषा के लिए एक तरह की सहमति है।
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा,“अर्णब ने श्रीमती गांधी के लिए घिनौनी भाषा का इस्तेमाल किया है। यह शर्मनाक है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता है। वह जब 22 साल की थी तो भारत आ गयी थीं और उन्हें इस देश में 52 साल से ज्यादा समय हो चुका है। उन्होंने अपने जीवन का अहम समय भारत की सेवा में बिताया है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अर्णब की सोनिया गांधी पर की गयी टिप्पणी को निंदनीय बताया और कहा कि उसने सारी सीमाएं लांघी हैं और इसके लिए उसे शर्म आनी चाहिए। उन्होंने एडिटर्स गिल्ड से सवाल किया कि क्या यह पत्रकारिता में सबसे गिरा हुआ स्तर नहीं है। टीवी चैनल के मालिक राजीव चंद्रशेखर को उसे तत्काल हटा देना चाहिए।
छत्तीसगढ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी एडिटर्स गिल्ड से अर्णब के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री रहे सिद्धरमैय्या ने कहा है कि “सोनिया गांधी अर्णब गोस्वामी से अधिक भारतीय हैं। एक तरफ जहां अर्णब ने ज़हर उगल कर देश के चौथे स्तंभ को कमज़ोर किया है वहीं सोनिया गांधी ने देश की एकता और भाईचारे के लिए काम किया है।”

“पत्रकारिता एक सम्मानजनक काम है, इसके ज़रिए जनता गणतंत्र के तीनों स्तंभों के बारे में जान सकती है और विचार कर सकती है। लेकिन अर्णब गोस्वामी और रिपब्लिक टीवी इस बात का उदाहरण हैं कि पत्रकारिता कैसे नहीं की जानी चाहिए।”

छत्तीसगढ़ के रायपुर मे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने अर्णब गोस्वामी पर पालघर मामले में अपने वक्तव्य से देश की जनता के सद्भाव को समुदाय के आधार पर भड़काने और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।

मरकाम और सिंहदेव ने मामला दर्ज कराया है कि समाचार चैनल पर उसके संपादक अर्नब गोस्वामी ने मंगलवार को महाराष्ट्र के पालघर में संत की भीड़ द्वारा हत्या कर दिए जाने पर ‘पूछता है भारत’ डिबेट कार्यक्रम किया था। इसमें अर्णब गोस्वामी ने अपने वक्तव्य से देश की जनता के सद्भाव को समुदाय के आधार पर भड़काया। साथ ही देश के विभिन्न समुदायों के बीच नफरत का वातावरण बनाया गया है।

कांग्रेस नेता गिरीश दुबे ने भी गोस्वामी के खिलाफ एक शिकायत सिविल लाइंस थाना में दी है। दुबे ने आरोप लगाया कि गोस्वामी ने 16 अप्रैल को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी द्वारा प्रेस कांफ्रेंस में कोरोना वायरस रोग के रोकथाम के लिए दिए गए सुझावों को गलत ढंग से पेश किया तथा झूठी खबर अपने चैनल में प्रसारित किया। यह केंद्र सरकार और राज्य सरकार द्वारा महामारी अधिनियम 1897 के तहत जारी किये गये आदेशों का उलंघन है।

महाराष्ट्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सत्यजीत तांबे ने कहा कि उन्होंने संगमनेर में गोस्वामी के खिलाफ शिकायत दर्ज की और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को सभी जिलों में शिकायत दर्ज करने का निर्देश दिया है।

डीसीपी विनीता साहू ने कहा कि गोस्वामी के खिलाफ सेक्शन 117, 120 बी, 153 ए, 153 बी, 295 ए, 290 ए, 500, 504, 506 के तहत केस दर्ज किया गया है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने पर टीवी एंकर अर्णब गोस्वामी के खिलाफ झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना में शिकायत दर्ज करायी गयी है। बुधवार देर शाम महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने टीवी एंकर के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत पत्र दिया।