योगी-मोदी की सरकारों में पिछड़ों के साथ ऐतिहासिक अन्याय हो रहा: कांग्रेस

लखनऊ, योगी-मोदी की सरकारों में पिछड़ों के साथ ऐतिहासिक अन्याय हो रहा है। यह बात कांग्रेस  के पिछड़ा वर्ग विभाग ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर व्यक्त किया।

पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि योगी-मोदी की सरकारों में पिछड़ों के साथ ऐतिहासिक अन्याय हो रहा है। उनके अधिकारों पर खुले आम डाके डाले जा रहे हैं। दलित, पिछड़ों की बहू बेटियां आज सबसे ज्यादा असुरक्षित हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकारें आरक्षण खत्म करने का प्रयास कर रही हैं जिसे बचाने के लिये आगे आना होगा।  अजय कुमार लल्लू ने कहा कि आज आरक्षण को खत्म किया जा रहा है उसको बचानें के लिए आगे आना होगा। पार्टी समाज में वैमनस्यता नहीं फैलाना चाहती हालांकि संविधान प्रदत्त अधिकारों में कोई लूट-खसोट भी नहीं चाहती। भारतीय जनता पार्टी आरक्षण को खत्म करके संविधान को कुचलना चाह रही है। निजीकरण के माध्यम से संविदा पर सचिवालय चलाये जा रहे हैं। केन्द्र सरकार के सभी उपक्रम बेचकर उन संस्थाओं के बेचा जा रहा है जिनका वंचित वर्गों के कल्याण से सीधा सम्बन्ध है।

प्रदेश कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की स्थापना ही स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आधारभूत सिद्धांतों पर हुआ है। प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से लेकर मनमोहन सिंह की सरकारों द्वारा इस देश की बहुसंख्यक पिछड़े वर्गों के खुशहाली, संपन्नता, न्याय, शैक्षणिक विकास, सामाजिक राजनीतिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सरकारों ने जमींदारी प्रथा उन्मूलन द्वारा भूमिहीन पिछड़े वर्गों को खेती बाड़ी की जमीनों पर मालिकाना हक दिलवाया। 73 वां, 74वां संविधान संशोधन के द्वारा ग्राम पंचायतों व नगर निकायों का गठन तथा पिछड़े वर्ग, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजातियों के लिए त्रिस्तरीय आरक्षण देकर पिछड़े वर्गों की राजनीतिक भागीदारी ग्राम पंचायत से लेकर सभी स्तरों पर सुनिश्चित करवाया।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग विभाग ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर गांव-गांव संगठन मजबूत करने का संकल्प लिया।