Breaking News

मुख्यमंत्री का अहम निर्णय, ओलम्पिक में स्वर्ण जीतने पर अब मिलेंगे तीन करोड़

जयपुर, ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को दी जाने वाली ईनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोतरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है।

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल जैसे अंतर्राष्ट्रीय खेलों में पदक जीत कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राज्य के खिलाड़ियों को दी जाने वाली ईनामी राशि में तीन से चार गुना तक बढ़ोतरी करने का महत्वपूर्ण निर्णय किया है।
श्री गहलोत ने ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर दी जानी वाली 75 लाख रूपये की राशि को बढ़ाकर तीन करोड़ रूपये, रजत पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 50 लाख से बढ़ाकर दो करोड़ रूपये तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 30 लाख रूपये से बढ़ाकर एक करोड़ रूपये करने को मंजूरी दी है।
इसी प्रकार एशियन गेम्स तथा कॉमनवेल्थ खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को दी जाने वाली राशि को 30 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रूपये, रजत पदक जीतने पर ईनामी राशि 20 लाख से बढ़ाकर 60 लाख रूपये तथा कांस्य पदक जीतने पर दी जाने वाली राशि को 10 लाख रूपये से बढ़ाकर 30 लाख रूपये करने का निर्णय किया है।
श्री गहलोत के निर्देश पर युवा मामले एवं खेल विभाग ने इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए मुख्यमंत्री ने लगातार कई निर्णय किए हैं। इससे पहले श्री गहलोत ने खेल पदक विजेता खिलाड़ियों को राजकीय सेवाओं में नियुक्ति देने के लिए आउट-ऑफ-टर्न आधार पर डीएसपी समेत विभिन्न पदों पर नियुक्ति देने को मंजूरी दी थी। श्री गहलोत ने ओलम्पिक, एशियाई तथा राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राजस्थान के मूल निवासी 13 खिलाड़ियों को इन्दिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में 25-25 बीघा भूमि आवंटित करने का भी निर्णय किया था। साथ ही, उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को दिए जाने वाले दैनिक भत्ते को भी दोगुना करने की मंजूरी दी थी।