Breaking News

श्रीराम और निषादराज गुह की विशाल प्रतिमा, अब लगेगी इस स्थान पर

प्रयागराज,  उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रृंग्वेरपुर धाम में श्रीराम और निषादराज गुह की गले मिलते विशाल प्रतिमा लगायी जायेगी।

केशव प्रसाद मौर्य ने  श्रृंग्वेरपुर धाम में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ एकादशी से पूर्णिंमा तक आयोजित होने वाले रामायण मेले  के उद्घाटन अवसर पर कहा कि श्रृंग्वेरपुर धाम भगवान राम के जीवन का बहुत महत्वपूर्ण स्थल है। वन गमन के समय भगवान श्रीराम ने निषादराज को गले लगाया था।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यही नहीं श्रीराम को मनाने के लिए चित्रकूट जाते हुए भरत ने भी निषादराज को बड़े भाई का सम्मान दिया था। यह सब संकेत करता है कि हमारी प्राचीन संस्कृति एवं इतिहास में सामाजिक समरसता एवं सद्भाव की परम्परा आदिकाल से रही है। इस थाथी को संजाेए रखने के लिए इस प्रकार के मेले बहुत उपयोगी होते हैं।

केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में श्रृंग्वेरपुर में भगवान श्रीराम और निषादराज गुह की गले मिलते हुए विशाल प्रतिमा लगाने की घोषणा की। इस महत्वपूर्ण तीर्थ के विकास के लिए सरकार की ओर से रामायण मेला आयोजकों को 15 लाख रूपये की धनराशि प्रदान किये जाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जब भी समय मिलेगा वे पुनः यहां आयेंगे और इस क्षेत्र के विकास के लिए तत्पर रहेंगे।

इस अवसर पर  स्मृति ईरानी ने कहा कि गंगा का यह पावन तट भारतीय संस्कृति का बेजोड़ नमूना है तथा यहां आकर सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा ली जा सकती है।