Breaking News

मोदी सरकार किसानों के साथ साजिश एवं धोखा कर रही है : गोविंद सिंह डोटासरा

जयपुर, राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने केन्द्र सरकार पर किसानों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि नये कृषि कानूनों को वापस नहीं लिया गया तो किसान दिल्ली में जाकर उसका तख्ता पलट देंगे।

श्री डोटासरा ने आज यहां किसानों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस की तरफ से आयोजित राजभवन का घेराव से पहले धरना एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार झूठे वायदे करके सत्ता में आई तब से
किसानों के साथ साजिश एवं धोखा करने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के विश्वास से सत्ता में आने के बाद उसने किसानों का भला करने की बजाय भूमि अधिगृहण संशोधन बिल लाई लेकिन कांग्रेस के किसानों के साथ खड़े होने के कारण उसे यह बिल वापस लेना पड़ा। इसके बाद उसने अब चंद लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नये कृषि कानून लाई हैं, लेकिन इस बार भी कांग्रेस मजबूती एवं एकजुटता के साथ किसानों के साथ खड़ी हैं और कानून वापस नहीं लेने तक वह किसानों साथ छोड़ने वाली नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की बात नहीं सुन रही हैं और आज देश का अन्नदाता संकट में है, तीनों कृषि कानून किसान हितैषी नहीं हैं। उन्होंने आरेाप लगाया कि केन्द्र सरकार चंदा देकर चुनाव में मदद करने वाले उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए यह कानून लाई हैं और किसानों से बातचीत करने का बहाना बना रही जबकि किसानों की स्पष्ट मांग हैं कि यह कानून उनके हित में नहीं हैं जिन्हें वापस लिया जाये।

उन्होंने केन्द्र सरकार पर किसानों के साथ साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इन कानूनों के खिलाफ लम्बी लड़ाई लड़नी पड़ेगी और केन्द्र सरकार ने इन कानूनों को वापस नहीं लिया तो आने वाले समय में किसान दिल्ली में जाकर मोदी सरकार का तख्ता पलटने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी के एक संदेश का इंतजार हैं राजस्थान से लाखों किसान दिल्ली पहुंच जायेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी महंगे कपड़े पहनकर विदेश में घूम रहे हैं और मन की बात कर रहे हैं लेकिन किसान की सुध लेने का उनके पास समय नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में पेट्रोल के दाम आज 91 रूपए तक पहुंच गये हैं।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार को जिद्दी और अड़ियल सरकार बताते हुए कहा कि वह किसानों को थकाना चाह रही हैं, इसलिए किसानों के साथ बातचीत को लम्बा खींच रही हैं। उन्होंने कहा कि किसान अगर इस मामले में गठित कमेटी को नहीं मानते हैं तो हम किसान की बात को मानेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ घोर अन्याय हो रहा और पूरा देश किसान के साथ खड़ा है।

श्री पायलट ने कहा कि कांग्रेस आज पूरी एकजुटता के साथ किसानों के समर्थन में प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी, सरकारें, चुनाव एवं नेता आयेंगे और चले जायेंगे, लेकिन कानून जिसका विरोध किया जा रहा हैं वह खत्म नहीं कराया गया तो वह बना रहेगा और आने वाली पीढियां हमें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन सही हैं और केन्द्र की मोदी सरकार को शीघ्र नये कृषि कानूनों को वापस ले लेना चाहिए।
इस मौके राज्य के कृषि मंत्री लाल चंद कटारिया,परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास तथा अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी धरना एवं प्रदर्शन को संबोधित किया।