मूवी रिव्यू: मर्दानी 3- एक्शन, इमोशन और सोशल मैसेज का दमदार कॉम्बिनेशन

बॉक्स ऑफिस पर मर्दानी फ्रैंचाइज़ी की पिछली दोनों फिल्मों को दर्शकों और क्रिटिक्स से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इन्हीं सफलताओं ने बैनर और फिल्म की लीड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी को इस सीरीज की तीसरी फिल्म बनाने के लिए प्रेरित किया। हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान रानी ने भी कहा था कि उन्हें ऐसे मजबूत और सच्चाई से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करना बेहद पसंद है—और मर्दानी 3 उसी सोच का नतीजा है।
आज के दौर में जब तीन से साढ़े तीन घंटे की फिल्में चलन में हैं, वहीं करीब दो घंटे की यह फिल्म अपनी कसी हुई स्क्रिप्ट और दमदार कहानी के दम पर शुरुआत से अंत तक दर्शकों को बांधे रखती है।
कहानी
फिल्म की कहानी एनआईए की अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय (रानी मुखर्जी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें एक हाई-प्रोफाइल किडनैपिंग केस सौंपा जाता है। एक वरिष्ठ अधिकारी की बेटी और घर की नौकरानी की बच्ची अचानक गायब हो जाती हैं। जांच के दौरान सामने आता है कि अलग-अलग इलाकों से 8 से 13 साल की 90 से ज्यादा लड़कियां भी लापता हैं।
जांच आगे बढ़ने पर शिवानी को एक संगठित मानव तस्करी गिरोह के बारे में पता चलता है। जैसे-जैसे परतें खुलती हैं, कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है जिसकी उम्मीद दर्शकों को नहीं होती। इंटरवल के बाद फिल्म की रफ्तार इतनी तेज हो जाती है कि स्क्रीन से नजर हटाना मुश्किल हो जाता है।
निर्देशन
निर्देशक अभिराज मीनावाला ने फिल्म के विषय की गंभीरता को शुरुआत से ही बनाए रखा है, जो इस तरह के सब्जेक्ट के लिए जरूरी भी है। उन्होंने कहानी को भटकने नहीं दिया और फिल्म की गति को संतुलित रखा है। इंटरवल से पहले फिल्म थोड़ी धीमी जरूर लगती है, लेकिन क्लाइमैक्स चौंकाने वाला है।
अभिनय
रानी मुखर्जी एक बार फिर अपने किरदार में पूरी तरह ढली नजर आती हैं। इस बार उनका किरदार पहले से ज्यादा लेयर्ड और प्रभावशाली है। चेहरे के भाव, गुस्से वाले दृश्य और एक पुलिस अधिकारी के भीतर की मानवीय संवेदनाओं को उन्होंने बेहद सशक्त तरीके से पेश किया है।
विलेन अम्मा के किरदार में मल्लिका प्रसाद ने शानदार काम किया है। उनकी मौजूदगी फिल्म में अलग ही तनाव पैदा करती है और रानी के साथ उनके सीन फिल्म को और मजबूत बनाते हैं।
शैतान और वश जैसी फिल्मों के बाद जानकी बोड़ीवाला इस फिल्म में शिवानी की टीम का अहम हिस्सा हैं और हर सीन में प्रभाव छोड़ती हैं।
ओवरऑल
मर्दानी 3 सिर्फ एक एक्शन फिल्म नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने वाली कहानी है। यह फिल्म छोटी बच्चियों पर हो रहे अपराधों और उनकी सुरक्षा जैसे संवेदनशील मुद्दे को मजबूती से उठाती है, साथ ही पुलिस की एक साफ और जिम्मेदार छवि भी पेश करती है।
क्यों देखें
अगर आप रानी मुखर्जी के फैन हैं और सच्चाई से रूबरू कराने वाली, मजबूत संदेश देने वाली फिल्में पसंद करते हैं, तो मर्दानी 3 मिस नहीं करनी चाहिए।
कलाकार: रानी मुखर्जी, जानकी बोड़ीवाला, मल्लिका प्रसाद
निर्माता: आदित्य चोपड़ा
निर्देशक: अभिराज मीनावाला
सेंसर: यू/ए
अवधि: 126 मिनट





