Breaking News

पुलिस ऑपरेशन में नक्सली शिविर हुआ ध्वस्त,एक लाख की इनामी घायल महिला गिरफ्तार….

राजनांदगांव,  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में मुठभेड़ में घायल महिला नक्सली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नक्सली को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राजनांदगांव जिले के पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यहां बताया कि पुलिस ने एक लाख रुपए की इनामी नक्सली कमला उर्फ माते (20) को गिरफ्तार कर लिया है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गत 12 अक्टूबर को राजनांदगांव जिले के सुडियाल और बुकमरका गांव की पहाड़ी में पुलिस ने नक्सली शिविर को ध्वस्त कर दिया था। इस दौरान नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी भी की थी, जिसका पुलिस दल ने कड़ा जवाब दिया था।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र सीमा पर लगे इस जंगल में पुलिस दल ने जब तलाशी अभियान चलाया तब पुलिस ने वहां से एक कुकर में बनाया गया बम, वाकी टाकी, सोलर प्लेट, माओवादियों के आठ बैग और नक्सली साहित्य समेत कई सामान बरामद किया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली थी कि इस मुठभेड़ के बाद कुछ नक्सलियों को गोली लगी है तथा वह करीब के गांव में अपना इलाज करा रहे हैं। जानकारी के बाद पुलिस ने रविवार की शाम गांव से कमला को गिरफ्तार कर लिया। कमला के सिर पर एक लाख रुपए का इनाम था।

उन्होंने बताया गिरफ्तारी के बाद कमला को पहले मानपुर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया तथा बाद में उसे राजनांदगांव के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कमला सुकमा जिले के जगरगुंडा क्षेत्र की निवासी है। उससे पूछताछ के दौरान छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में हो रही माओवादी गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सकती है।