Breaking News

अब मौसम मे होगा बड़ा परिवर्तन, पड़ने जा रही है कड़ाके की ठंड

नई दिल्ली, मौसम मे बड़ा परिवर्तन होगा अब कड़ाके की ठंड पड़ेगी।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि पश्चिमोत्तर भारत में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस नीचे जाने वाला है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों के दौरान मध्य एवं पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन उसके बाद उसमें दो से चार डिग्री सेल्सियस गिरावट होगी।  दिल्ली के लिए आंकड़े प्रदान करने वाली सफदरजंग वेधशाला ने  बताया कि अगले दो दिन में ‘मध्यम से काफी घना कोहरा’ छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की बारिश हुई और पारा कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को हवा की दिशा उत्तरपश्चिम होने के साथ तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का पूर्वानुमान है।

स्काईमेट के अनुसार आज जम्मू कश्मीर, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में मौसम साफ रहेगा। लद्दाख, उत्तरी हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के उत्तरी इलाकों में अगले 24 घंटे तक रुक-रुक कर निचले इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले भागों में बर्फबारी की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

अनुमान है कि इससे अमृतसर, अंबाला, करनाल, जालंधर,  कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पानीपत, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पठानकोट, लुधियाना, पटियाला, मोगा, दिल्ली एनसीआर, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, मेरठ, मुरादाबाद, चूरू, गंगानगर, जयपुर, भरतपुर, अलवर, झुंझुनू समेत कई शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से फिर नीचे चला जाएगा। इनमें कई इलाके ऐसे होंगे जहां पर शीतलहर जैसे हालात भी अगले 24 से 48 घंटे में बन सकते हैं।

बर्फबारी के बाद ठंड अपना रंग दिखाने लगी है। लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 12.2 डिग्री, जबकि अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह में शनिवार की रात सबसे ठंडी रही। वहीं कारगिल का न्यूनतम तापमान माइनस 12.6 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक  साल 2021 की जनवरी में 12 कोल्ड डे का प्रकोप रहेगा। जनवरी में 12 दिन अधिकतम तापमान 16 डिग्री से कम रह सकता है। पांच दिन तक शीतलहर और 14 दिन घना कोहरा पड़ सकता है। साल की शुरुआत में ही कुछ जगह बारिश के आसार हैं।