Breaking News

भारत आने वालों लोगों को उड़ान से पहले करानी होगी कोरोना जाँच

नयी दिल्ली , सरकार वंदे भारत तथा द्विपक्षीय समझौतों के तहत शुरू की गई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देश आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए उड़ान से पहले कोरोना जाँच अनिवार्य करने की योजना बना रही है।

नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सरकारी समाचार चैनल डीडी न्यूज पर एक साक्षात्कार में शुक्रवार रात बताया कि पहले प्रयोग के तौर पर यह व्यवस्था लागू की जायेगी तथा बाद में इसका विस्तार किया जायेगा। इससे भारत आने के बाद उन यात्रियों को संस्थागत क्वारंटीन में रखने की जरूरत नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि इसके लिए पोर्टल तैयार कर लिया गया है। पहले प्रयोग के तौर पर इसे लागू किया जायेगा। प्रयोग सफल रहने के बाद इसे पूरी तरह लागू कर दिया जायेगा। यात्रियों को उड़ान पकड़ने से पहले जाँच करानी होगी। यदि रिपोर्ट निगेटिव है तो उन्हें संस्थागत क्वारंटीन के बदले घर में क्वारंटीन रहने के लिए कहा जायेगा। इससे राज्य सरकारों के क्वारंटीन संबंधी बुनियादी ढाँचों पर बोझ कम होगा और वे ज्यादा यात्रियों को आने की अनुमति दे सकेंगी।

श्री पुरी ने बताया कि वंदे भारत मिशन के आज से शुरू हुये पाँचवें चरण में 900 से अधिक उड़ानों होंगी और इनकी संख्या 1,200 तक भी जा सकती है। पहले चरण में 64 उड़ानें थीं जबकि चौथे चरण तक इनकी संख्या बढ़कर 400 के पार पहुँच गई। सरकार की योजना आगे चलकर वंदे भारत मिशन को हम द्विपक्षीय समझौतों के तहत परिचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जोड़ने की है। सरकार ने अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी के साथ द्विपक्षीय समझौतों के तहत सीमित संख्या में यात्री उड़ानें शुरू की है।