Breaking News

PM मोदी ने ‘मन की बात’ में की यूपी के पौधरोपण अभियान की सराहना

लखनऊ, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश मे पिछली 22 जुलाई को हुये रिकार्ड 30.21 करोड़ पौधरोपण अभियान की सराहना की है।

उन्होंने पौधरोपण अभियान की चर्चा करते हुए इसे जनभागीदारी और जनजागरण का बड़ा उदाहरण बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को लाइव सुना।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपी में एक दिन में 30 करोड़ पेड़ लगाने का रिकॉर्ड बनाया गया है। इस अभियान की शुरुआत राज्य सरकार ने की और उसे वहां के लोगों ने पूरा किया। हम सभी को पेड़ लगाने और पानी बचाने के प्रयासों का हिस्सा बनना चाहिए।

प्रधानमंत्री की ओर से पौधरोपण अभियान की प्रशंसा किये जाने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आभार प्रकट किया है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा “ प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा से यहां पौधरोपण ‘जन-आंदोलन’ का रूप ले चुका है। हम सभी हरित उत्तर प्रदेश के निर्माण हेतु भरपूर प्रयास कर रहे हैं। उसी क्रम में 77वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी पांच करोड़ पौधरोपण के लिए संकल्पित हैं।”

गौरतलब है कि योगी सरकार ने बीते छह साल में यूपी में 136 करोड़ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी लकीर खींच दी है। सरकार अगले पांच साल में 175 करोड़ पौधे रोपने के मिशन में जुटी हुई है। इस वर्ष भी सरकार का लक्ष्य 35 करोड़ पौधे रोपने का है। इसमें से 30.21 करोड़ पौधे 22 जुलाई को रोपे गये हैं। वहीं 15 अगस्त को 5 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे।