थैलेसीमिया मरीजों को दवा न मिलना मानवाधिकारों का हनन- कांग्रेस

नयी दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासन में राष्ट्रीय राजधानी के सरकारी अस्पतालों में लापरवाही और प्रशासनिक देरी के कारण थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के मरीजों को जीवनरक्षक दवाइयाँ नहीं मिल पा रहीं, जो उनके मानव अधिकारों का उल्लंघन है।

देवेन्द्र यादव ने कहा कि अस्पतालों में डेस्फेरल दवा की कमी है, जबकि बाजार में इसकी उपलब्धता बनी हुई है, जिससे मरीजों को महंगी कीमत पर निजी तौर पर दवा खरीदनी पड़ रही है। एक मरीज को लगभग 21 हजार की दवा की जरूरत होती है और नियमित रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया भी महंगी है। उन्होंने सवाल उठाया कि हजारों करोड़ के स्वास्थ्य बजट के बावजूद लगभग 2600 मरीजों के लिए दवा उपलब्ध क्यों नहीं कराई जा रही।

उन्होंने यह भी कहा कि नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी और दवा निर्माता नोवारटिस के अनुसार दवा की कोई कमी नहीं है। इसलिए सरकार को निविदा प्रक्रिया की जांच कर सीधे दवा उपलब्ध कराने के उपाय करने चाहिए।

Related Articles

Back to top button