Breaking News

लोकसभा चुनाव लड़ाने और जिताने के लिये, प्रियंका गांधी एसे कर रहीं हैं काम

लखनऊ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के अच्छा प्रदर्शन को लेकर पूरी तरह जुट गई हैं। प्रियंका गांधी वाड्रा ने पहले ही दिन पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ 16 घंटे से ज्यादा समय तक बैठक की। बैठक दूसरे दिन तड़के तक जारी रही।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं संगठन के बारे में अभी जानकारी हासिल कर रही हूं। किस तरह से संगठन का ढांचा बना है और आगे क्या रास्ता अपनाया जाये इस पर विचार करने के अलावा मैं कार्यकर्ताओं से यह भी जान रही हूं कि लोकसभा चुनाव किस तरह लड़ा और जीता जाये।

 मंगलवार को सुश्री वाड्रा ने दस संसदीय सीटों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने हर एक संसदीय सीट के कार्यकर्ताओं से एक घंटे से ज्यादा समय तक मुलाकात की। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत का भरोसा जताते हुये उन्होंने दावा किया कि 2019 का लोकसभा चुनाव मोदी बनाम राहुल होगा।

इससे पहले  उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ;नेहरू भवन पहुंचने के बाद प्रियंका गांधी  ने लखनऊ, उन्नाव, मोहनलालगंज, रायबरेली, प्रतापगढ़,  प्रयागराज, अंबेडकर नगर, सीतापुर, कौशांबी, फतेहपुर, बहराइच, फूलपुर और अयोध्या लोकसभा सीटों के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोकसभा चुनाव के लिये कांग्रेस की तैयारियों पर चर्चा की।

कार्यकर्ताओं से मुलाकात में सुश्री वाड्रा ने उनसे एकजुट रहने और गुटबाजी न करने की अपील की। पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रियंका ने लखनऊ के 70 कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उनसे मुलाकात करने वाले कार्यकर्ताओं में यह संख्या सबसे ज्यादा थी। उन्होंने सभी से कहा कि जिस व्यक्ति को संगठन चुनाव लड़ायेगा उसका समर्थन किया जाना चाहिये।

सक्रिय राजनीति में प्रियंका वाड्रा उस मुश्किल भरे दौर में आयी हैं जब समाजवादी पार्टी  और बहुजन समाज पार्टी  ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन बनाकर कांग्रेस को उसमें जगह नहीं दी है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका को पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। इस इलाके में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी भी है। इसके अलावा इस क्षेत्र को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ भी माना जाता है।