Breaking News

Republic Day: इस मौके पर देश का अन्नदाता किसान दुःखी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कृषि कानून वापस लिये जाने की मांग दोहराते हुये कहा कि पूरा देश हर्षोल्लास के साथ गणतंत्र दिवस मना रहा है लेकिन देश का अन्नदाता किसान दुःखी हैै।

श्री लल्लू ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में तिरंगा फहराया। इस मौके पर ध्वजरक्षक के रूप में मौजूद सेवादल के मुख्य संगठक डा प्रमोद कुमार पाण्डेय ने सेवादल के परम्परागत पोशाक में वरिष्ठ नेताओं को कदमताल कराते हुए ध्वज स्थल तक लाकर गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आज बहुत ही गर्व का दिन है। असंख्य ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों की कुर्बानियों और बलिदान के बाद यह देश आजाद हुआ था और उसके बाद इस देश में आज के ही दिन हमारा संविधान लागू हुआ था। उन्होने कहा कि पिछले दो महीनो में 125 से ज्यादा किसानों ने शहादत दी है। उनकी मांग है कि तीनों काले कृषि कानून रद्द किये जाएं लेकिन निरंकुश और तानाशाह सरकार अनसुनी कर रही है। आज न सिर्फ किसान आन्दोलनरत है बल्कि युवा, छात्र, महिलाएं समाज का हर वर्ग परेशान है।

उन्होने कहा कि पिछले 45 सालों में बेरोजगारी अपने चरम पर है। महिला अपराधों में यूपी टाप पर है। सभी भर्तियां भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं। संविधान ने हमें सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने का अधिकार दिया है लेकिन आज भाजपा की सरकार दमन के बल पर हर विरोध को कुचलने का काम कर रही है।

इस मौके पर पिछले दिनों प्रदेश की योगी सरकार की कार्यवाही में जेल गये लखनऊ के 48 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फूल-माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।