Breaking News

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने, महिलाओं के लिये की बड़ी घोषणा

लखनऊ, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं के लिये एक बड़ा ऐलान किया है। यह घोषणा अखिलेश यादव  ने मिर्जापुर में सपा के कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन के दौरान की।

अखिलेश यादव ने मिर्जापुर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता प्रशिक्षण सम्मेलन में घोषणा करते हुए कहा कि अगर अगले साल उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो प्रदेश की हर एक महिला के खाते में 1000 रुपये दिए जाएंगे। इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की ईस्ट इंडिया कंपनी से तुलना की और सपा की योजनाओं की चोरी कर नाम बदलने का आरोप लगाया।

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव ने ये बड़ा ऐलान किया है। 2012 के विधान सभा चुनाव के दौरान इसी तरह अखिलेश यादव ने बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ते का एलान कर युवाओं का भारी समर्थन हासिल किया था। अबकी बार उनकी नजर महिलाओं के वोट पर है।

अखिलेश यादव ने शनिवार को विंध्यचाल में मां विंध्यवासिनी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष करीब आधा घंटा मां विंध्यवासिनी मंदिर में रहे। दर्शन-पूजन के साथ ही उन्होंने मंदिर प्रांगण का भ्रमण भी किया। इसके बाद अखिलेश यादव कंतित दरगाह पर गए।

इससे पहले शुक्रवार को अखिलेश यादव ने कहा था कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा यूपी में गेमचेंजर साबित होगी। हम पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहे हैं। इसीलिए मंडलों में प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर कार्यकर्ताओँ को भाजपा का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मध्य वर्ग महंगाई की मार से परेशान है। यह सरकार किसानों के हक को भी छीनने जा रही है। नया कृषि कानून किसानों के लिए डेथ वारंट साबित होगा।