Breaking News

शिवपाल सिंह ने बड़े होने का फर्ज निभाया , अखिलेश यादव के लिये किया ये काम

मैनपुरी , प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बड़े होने का फर्ज बखूबी निभाया । उन्होने अपने भतीजे एवं समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिये एक और काम किया।सपा गठबंधन में शामिल शिवपाल सिंह अपनी परंपरागत सीट जसवंतनगर से सपा के चुनाव चिन्ह के साथ चुनाव मैदान में है।

शिवपाल सिंह यादव ने शनिवार को अपने भतीजे अखिलेश यादव के लिये करहल विधानसभा क्षेत्र में जाकर वोट मांगे। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर महिलाओं, नौजवानों और किसानों की भलाई के लिए काम होगा। उन्होने कहा कि करहल समाजवादियों का मजबूत घर है। सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और करहल विधानसभा क्षेत्र की रिश्तों की चर्चा करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने अखिलेश यादव को रिकार्ड मतों से जिताने का आह्वान किया।

मधन खेरिया में आयोजित सभा में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों और नौजवानों को बहुत तकलीफ उठानी पड़ रही है। किसानों की फसल छुट्टा जानवरों से नहीं बच रही है। बाजार में उपज का सही दाम नहीं मिल रहा है। पढ़े लिखे नौजवानों को ना तो नौकरी मिल रही है और ना ही रोजगार उपलब्ध है। समाजवादी सरकार बनने पर एक कानून बना कर हर परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाएगी।