Breaking News

शिवपाल यादव के रोड शो मे उमड़ा जनसैलाब, कार्यकर्ताओं से की ये अपील

फिरोजाबाद, समाजवादी सेक्युलर मोर्चा के अध्यक्ष शिवपाल यादव के रोड शो मे जनसैलाब उमड़ पड़ा। सेक्यूलर मोर्चा के पहले रोड शो में बेटे आदित्य के साथ निकले शिवपाल  यादव ने कहा कि वर्ष 2019 में घमासान तय है।

शिवपाल यादव ने रविवार को सेक्यूलर मोर्चा दल के झंडे तले बड़ी ताकत दिखाई। रविवार सुबह से चौगुर्जी स्थित आवास पर शिवपाल सिंह यादव के समर्थक इटावा के ही नहीं बल्कि कानपुर, झांसी आदि शहरों से गाड़ियों से पहुंचे।

करीब 9 बजे रोड शो की शुरुआत हुई। शिवपाल सिंह यादव अपने पुत्र आदित्य यादव उर्फ अंकुर के साथ एक खुली कार में सवार हुए। नगर क्षेत्र में पहला स्वागत कार्यक्रम आईटीआई चौराहे के पास रणवीरनगर में हुआ। सेक्युलर मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुनील यादव ने शिवपाल सिंह यादव और अंकुर यादव को फूलमालाएं पहनाईं। कुछ समर्थकों ने उन्हें चांदी का मुकुट भी पहनाया।

स्वागत करने वाले उन्हें जननायक कहकर पुकारते नजर आए। आलम ये था कि कठफोरी से लेकर टूंडला तक रोड शो में हाईवे पर ट्रैफिक व्यवस्था दम तोड़ गई।   काफिले के बीच अपनी गाड़ी की खुली छत से शिवपाल यादव समर्थकों का अभिवादन स्वीकारते रहे तो उनके बेटे आदित्य यादव इसी अंदाज में युवाओं को लुभाते रहे। इसके बाद काफिला सिरसागंज पहुंचा, जहां जगह-जगह स्वागत किया गया।

शिवपाल के साथ-साथ मुलायम सिंह यादव जिंदाबाद के नारों के साथ रोड शो शिकोहाबाद पहुंचा। यहां पर मैनपुरी चौराहा, एटा चौराहा, सुभाष तिराहे पर स्वागत हुआ। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बेईमान और भ्रष्ट सरकारों से जनता त्रस्त है। जनता के लिए मोर्चा बनाया है। उन्होने कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव मे जुट जाने की अपील की।

शाम लगभग पांच बजे शहर की सीमा में काफिले का प्रवेश हुआ। जिलाध्यक्ष अजीम भाई उनके साथ गाड़ी में आ गए। शहर में घूमने के बाद काफिला टूंडला पहुंचा। समर्थकों ने फूल मालाओं से काफिले का जोशीला स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने शिवपाल यादव को तलवार व गदा भेंट किया।

यहां रॉयल गार्डन में जनसभा को संबोधित किया। रोड शो में समर्थकों के उत्साह को देखकर गदगद हुये शिवपाल यादव ने कहा कि सपा से उपेक्षित लोग मोर्चा से जुड रहे है। मोर्चा से जुडने वाले सभी वर्ग के लोगों को सम्मान व न्याय दिलाने का काम किया जायेगा।

शिवपाल यादव के रोड शो में  विधायक हरिओम यादव, सेक्युलर मोर्चे की युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष विजय यादव, वरिष्ठ नेता अशोक यादव,  पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप छोटू यादव, मीना राजपूत,पूर्व चेयरमैन रामप्रकाश यादव (नेहरू), ब्लॉक प्रमुख मदनपुर जुगेंद्र सिंह यादव आदि की प्रमुख भूमिका रही।

रोड शो में सड़क के हर तरफ मोर्चा का झंडा लहराती गाड़ियां दूर तक दिखायी दी। गाड़ियों पर समाजवादी सेक्युलर मोर्चा का झंडा लहरा रहा था। काफिले में चार पहिया वाहनों की संख्या करीब दो सौ से ऊपर रही। साथ ही बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन समर्थक भी थे।