यूपी में हिंसक प्रदर्शन में छह लोगों की मौत, पुलिस अधीक्षक समेत 21 घायल

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुये विरोध प्रदर्शन के दौरान भड़की हिंसा में छह व्यक्ति की मृत्यु हो गयी जबकि 10 पुलिस कर्मियों समेत करीब 21 लोग घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक राज्य भर में हिंसक प्रदर्शन में छह लोगों की मृत्यु हुई है , हालांकि आधिकारिक तौर पर मृतकों की संख्या की पुष्टि नहीं की गयी है।

राजधानी लखनऊ में गुरुवार को हुई हिंसा के सिलसिले में दो सौ से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 300 लोग नजरबंद किये गये हैं। गिरफ्तार लोगों में कुछ बंगलादेश के नागरिक भी हैं।

अमरोहा, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, कानपुर, गोरखपुर और फिरोजाबाद समेत कुछ अन्य जिलों में जुमे की नमाज के बाद सड़कों पर उतरी भीड़ ने प्रदर्शन किया और तोड़फोड़ एवं आगजनी की।

भीड़ ने पुलिस बलों पर पथराव किया , जिससे अमरोहा के पुलिस अधीक्षक समेत अलग अलग जिलों में करीब 10 पुलिस कर्मी घायल हो गये। प्रदर्शन के दौरान पुलिस से हुयी झड़प के दौरान फिरोजाबाद में एक व्यक्ति की मृत्यु हो गयी और विभिन्न जिलों में 11 से अधिक उपद्रवी घायल हो गये।

राजधानी लखनऊ और बुलंदशहर समेत कई जिलों में शिक्षण संस्थाओं को 22 दिसम्बर तक के लिये बंद कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button