Breaking News

सपा बसपा रालोद गठबंधन इस संयुक्त रैली से करेगा, चुनाव अभियान की शुरुआत

सहारनपुर,  समाजवादी पार्टी , बहुजन समाज पार्टी  और राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन रविवार को सहारनपुर में एक संयुक्त चुनावी रैली आयोजित कर अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे।

 सात अप्रैल को गठबंधन की रैली सहारनपुर के देवबंद में होगी। इस रैली को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती और रालोद अध्यक्ष अजित सिंह संबोधित करेंगे।

सहारनपुर के देवबंद में जामिया तिब्बतिया मेडिकल कॉलेज के पास मैदान में आयोजित होने वाली  रैली की तैयारियां तेजी के साथ पूरी की जा रही हैं।  सुबह 8 से शाम सात बजे के बीच में रैली संपन्न किए जाने का कार्यक्रम है।

गठबंधन नेता रविवार को दोपहर करीब 12 बजे रैली स्थल पर पहुंचेंगे। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती और रालोद अध्यक्ष अजीत सिंह के अलावा सहयोगी दलों के अन्य वरिष्ठ नेता भी रैली को संबोधित करेंगे।

इस  रैली के बाद ही गाजियाबाद में आठ अप्रैल को अखिलेश यादव दोपहर 2:20 बजे रामलीला मैदान कविनगर में गाजियाबाद लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुरेश बंसल के लिए वोट मांगेंगे।

इसी दिन शाम पौने चार बजे बागपत में बालैनी स्थित श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज में वह बागपत लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी जयंत चौधरी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।

अगले दिन नौ अप्रैल को अखिलेश हाथरस के नगर पालिका ग्राउंड में दोपहर पौने बारह बजे और अलीगढ़ के नानू पलिया पैठ ग्राउंड (नया बाइपास) में दो जनसभाएं कर मतदाताओं से हाथरस के प्रत्याशी रामजी लाल सुमन को जिताने की अपील करेंगे।