Breaking News

यूपी बीजेपी के इन दिग्गजों ने विधायकों व जिलाध्यक्षों को दिया सतत संवाद का फार्मूला

स्वतंत्रदेव ने जिलाध्यक्षों को दिया सतत संवाद का मंत्र

लखनऊ , उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने अलग-अलग बैठक कर पार्टी के जिलाध्यक्षों व विधायकों से आगामी कार्यक्रम और अभियानों के बारे में बातचीत की।

श्री सिंह ने जिलाध्यक्षों को नियमित अंतराल पर मंडल एवं सेक्टर की बैठकों से सतत संवाद का मंत्र दिया तो वही विधायकों से आगामी दिनों में वृक्षारोपण, डिजिटल डायरी तथा कार्य वर्गीकरण के आधार पर संवाद सहित सोशल मीडिया के बेहतर प्रयोग पर भी चर्चा की। प्रदेश के सभी जिलाध्यक्ष एक ही वर्चुअल बैठक से जुड़े वहीं पश्चिम-ब्रज क्षेत्र तथा कानपुर-अवध क्षेत्र के विधायकों के साथ पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने अलग-अलग मंत्रणा की।

उन्होने जिलाध्यक्षों से कहा कि इस समय बूथ समितियों के सत्यापन का बड़ा काम किया जा रहा है। मजबूत व प्रमाणित बूथ संरचना चुनावी विजय का आधार तो होती ही है, साथ ही पार्टी की विचारधारा, कार्यक्रम व अभियानों के साथ भाजपा की केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं तथा निर्णयों को जनसामान्य तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम भी होती है। इसलिए बूथ समितियों के सत्यापन को लेकर क्षेत्र का मंडल प्रभारियों से तथा जिलाध्यक्ष का सेक्टर प्रभारियों से नियमित संवाद होना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने विधायकों से कहा कि उन पर भाजपा सरकार के हरा भरा उत्तर प्रदेश के संकल्प को पूरा करने की बड़ी जिम्मेदारी है। इसलिए जहां भी जाएं वहां वृक्षारोपण करें। इसके साथ ही अपने निर्वाचन क्षेत्र में 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्रों के घर जाकर उनका सम्मान करके इस अभियान को गति दें।

श्री बंसल ने कहा कि बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य कोविड-19 के लिए तय किए गए शासन व प्रशासन के नियमों के तहत ही किया जाए। आगामी 10 अगस्त तक बूथ समितियों के सत्यापन का कार्य पूरा किया जाना है। बूथ समितियों में पार्टी के अनुशासित व समर्पित युवा कार्यकर्ताओं पर फोकस रहे।

श्री बंसल ने विधायकों से कहा की सेवा कार्यों में जनप्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया है। जरूरतमंदों तक भोजन, राशन, मास्क, सैनिटाइजर आदि पहुंचाने का पुण्य कार्य किया है। सभी अपने द्वारा किए गए सेवा कार्यों को मंडल व जिले की डिजिटल डायरी में संकलित कराने के लिए फोटो व वीडियो उपलब्ध कराएं।