2025 तक देश से यह रोग होगा समाप्त

नई दिल्ली, केंद्र सरकार देश से 2025 तक तपेदिक रोग को खत्म करने के लिए काम कर रही है और इस उद्देश्य के लिए मिशन इंद्रधनुष में काम हो रहा है। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्द्धन ने कोलकाता मेकही।

उन्होंने कहा कि सरकार देश से कालाजार और खसरा जैसी कई बीमारियों को भी खत्म करने पर काम कर रही है। हर्षवर्द्धन ने यहां एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘2025 तक हम भारत से तपेदिक रोग खत्म करना चाहते हैं। हमारे पास वैश्विक प्रतिरक्षण कार्यक्रम के लिए महत्वाकांक्षी योजना है जिसके तहत देश भर में लोगों को सौ फीसदी कवर किया जाएगा… और इसके लिए ‘मिशन इंद्रधनुष’ चल रहा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम कालाजार और खसरा जैसी कई अन्य बीमारियों को भी देश से खत्म करने पर काम कर रहे हैं।’’ मिशन इंद्रधनुष की शुरुआत 2014 में की गई थी जिसके तहत देश में 90 फीसदी प्रतिरक्षण कवर करने का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘आयुष्मान भारत के रूप में हमारे पास काफी महत्वाकांक्षी कार्यक्रम है। 2022 के अंत तक हम देश भर में डेढ़ लाख स्वास्थ्य केंद्र खोलना चाहते हैं। 30 हजार केंद्र खोले जा चुके हैं और मार्च के अंत तक 40 हजार केंद्र खोल दिए जाएंगे।’’ केंद्रीय मंत्री ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए सरकार की योजना पर किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।