लखनऊ, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने लखनऊ मे जनता से मिलने मे आरही कठिनाईयों को देखते हुये अब अपना नया आफिस बना लिया है। जहां वह लखनऊ मे रहने पर नियमित रूप से जनता से मुलाकात करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, रोज भारी संख्या में लोग अपने प्रिय नेता शिवपाल यादव से मिलने विक्रमादित्य मार्ग पर ही स्थित उनके आवास पर पहुंच जातें हैं। आवास पर ज्यादा भीड़ और जगह कम होने पर वह उनकी समस्याओं को न तो ठीक से सुन पा रहे थे और मिलने आये लोगों को भी असुविधा हो रही थी।
रोज की समस्या को समाप्त करने के लिये अब शिवपाल सिंह यादव ने लोहिया ट्रस्ट मे ही बैठने और जनता से मिलने का निर्णय लिया है। शिवपाल सिंह ने इसके लिए हामी भर दी और अब वह जब भी लखनऊ में मौजूद होंगे तो सुबह आठ बजे से लोहिया ट्रस्ट पर अपने समर्थकों और जनता से मिलेंगे। यहीं से बैठकर वह लोगों की समस्याओं का समाधान कराएंगे।
लोहिया ट्रस्ट में सालभर में केवल बौद्धिक गतिविधियां ही होती रहती हैं। पिछले साल सितंबर में लोहिया ट्रस्ट के प्रधान ट्रस्टी और अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने प्रो. राम गोपाल यादव को हटाकर शिवपाल यादव को इसका सचिव नामित कर दिया था। साथ ही शिवपाल सिंह यादव के करीबी दीपक मिश्र, राम नरेश यादव, राजेश यादव और राम सेवक यादव को लोहिया ट्रस्ट के सदस्य के रूप मे शामिल कर लिया था।