Breaking News

दरभंगा हवाईअड्डा से आज ‘उड़ा देश का आम नागरिक’

पटना, बिहार में कभी खास लोगों की हवाई सवारी के लिए उपलब्ध दरभंगा हवाईअड्डा से आज 57 साल बाद ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) का सपना पूरा करने के लिए विमानों ने उड़ान भरे।

कभी दरभंगा महाराज कामेश्वर सिंह की हवाई यात्रा के लिए बनाये गये दरभंगा हवाइअड्डे पर रविवार को बेंगलुरु से यात्रियों को लेकर स्पाइसजेट के एक विमान ने 11:21 बजे पूर्वाह्न को रनवे पर लैंड किया, जिसका स्वागत वाटर कैनन के फव्वारों से किया गया। इसी विमान ने दरभंगा से दिल्ली के लिए दोपहर 12:35 बजे उड़ान भरी। यहां से बेंगलुरु, दिल्ली और मुंबई के लिए विमान सेवा शुरू हुई है। इस हवाईअड्डे की शुरुआत से उत्तर बिहार के 22 जिले के लोगों को लाभ होगा।

क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत छोटे शहरों को हवाई रूट से जोड़ने के लिए अक्टूबर 2016 में ‘उड़े देश का आम नागरिक’ (उड़ान) की शुरुआत की गई। इसके तहत दरभंगा हवाइअड्डा को फिर से शुरू करने के काम शुरू किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने इस वर्ष 12 सितंबर को हवाईअड्डा के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने के बाद नवंबर के पहले सप्ताह से यहां से उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।

श्री पुरी की इस घोषणा के तहत रविवार को दरभंगा हवाईअड्डा से विमानों का परिचालन शुरू हो गया। इस हवाईअड्डा पर बेंगलुरु से यात्रियों को लेकर आने वाला पहला विमान 11.05 बजे लैंड करेगा। यही विमान 11:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। फिर दिल्ली से अपराह्न 2:20 बजे रवाना होकर यह विमान अपराह्न चार बजे दरभंगा पहुंचेगा। दरभंगा से 4:30 बजे यह बेंगलुरु के लिए रवाना होगा। एक विमान मुंबई से 12.10 बजे उड़ान भरकर 2.30 बजे दरभंगा पहुंचेगा और अपराह्न तीन बजे मुंबई के लिए रवाना हो जाएगा।