UP में गुरुवार को बाद ठंड से राहत मिलने के आसार

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है, लेकिन गुरुवार के बाद प्रदेशवासियों को ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में यह तीव्र शीतलहर का दौर 08 जनवरी तक बिना किसी बड़े बदलाव के बना रहेगा। हालांकि इसके बाद कुछ समय के लिए ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना जताई गई है, लेकिन यह राहत अल्पकालिक होगी।
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आठ जनवरी तक प्रदेश में ठंड की स्थिति लगभग यथावत रहेगी। इसके बाद कोहरे की तीव्रता में कमी आने और तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार इटावा लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। एक दिन पहले इटावा में पारा 2.4 डिग्री तक गिर गया था। इसके बाद गोरखपुर में न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री, कानपुर शहर में 4.6 डिग्री, चुरक और आजमगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मंगलवार को दिन के तापमान की बात करें तो गोरखपुर में सबसे कम अधिकतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 7.9 डिग्री कम रहा। इसके बाद आजमगढ़ और शाहजहांपुर में 12 डिग्री, बरेली में 12.2 डिग्री, हरदोई में 12.6 डिग्री और इटावा में 12.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
श्री सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद बर्फ से ढके पर्वतीय क्षेत्रों से आ रही ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी तथा पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से 4 जनवरी के बाद प्रदेश में न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। इसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि घने से बेहद घने कोहरे के कारण कई इलाकों में धूप देर से निकल रही है या बिल्कुल नहीं निकल पा रही, जिससे खासकर प्रदेश के मध्य हिस्सों में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बनी हुई है।
लखनऊ में भी मंगलवार को दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। इसके बावजूद दिन का अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम रहा। इससे पहले 2 जनवरी को लखनऊ में इस मौसम का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया था, जब अधिकतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। मंगलवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी लखनऊ में घना कोहरा और ठंडे दिन जैसी स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 8 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।





