Breaking News

यूपी: नये मंत्रिमंडल में कौन से चेहरे हो सकतें हैं शामिल, कौन बनेंगे उपमुख्यमंत्री?

लखनऊ,  37 साल बाद इतिहास रचने वाली भाजपा अब योगी के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी में जुट गई है। होली के बाद योगी आदित्यनाथ सीएम पद की शपथ ले सकते हैं।

20 मार्च के बाद नई सरकार का गठन किया जा सकता है।  इस बार नई सरकार मे भी डिप्टी सीएम का पद रहेगा। एक डिप्टी सीएम दलित और एक ओबीसी समाज से हो सकता है। एक डिप्टी सीएम  पश्चिम यूपी से हो सकता है।

यूपी में प्रचंड बहुमत के बाद लगातार दूसरी बार सरकार बनाने जा रही भाजपा ने स्वतंत्रदेव सिंह को भी योगी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। स्वतंत्रदेव सिंह अभी तक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 2024 को के चुनाव को देखते हुए भाजपा ने स्वतंत्रदेव सिंह को मंत्री पद दिए जाने का फार्मूला निकाला है।  अभी तक बेबी रानी मौर्य और स्वतंत्रदेव सिंह को डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा हो रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार , केशव प्रसाद मौर्य  और दिनेश शर्मा को योगी मंत्रिमंडल से हटाकर उन्हें संगठन में किसी बड़े पद का दायित्व दिया जा सकता है। बेबी रानी मौर्य भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी हैं। वह जाटव बिरादरी से आती हैं। बेबी रानी मौर्य आगरा से विधायक चुनी गई हैं। राज्यपाल के पद से इस्तीफा देकर यूपी में भाजपा की टिकट से बेबी रानी मौर्य ने चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की।

यह तो तय है कि इस बार योगी आदित्यनाथ कैबिनेट का चेहरा काफी बदला हुआ होगा। मंत्री पद पर करीब डेढ़ दर्जन नए चेहरों को मौका मिलेगा। भाजपा अपने सहयोगी दलों अपना दल (एस) तथा निषाद पार्टी के विधायकों को भी मंत्रिमंडल में जगह देगी। इनमें सबसे पहला नाम रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह का है। पंकज नोएडा से दूसरी बार विधायक चुने गए हैं। इसके अलावा असीम अरुण, अपर्णा यादव और नितिन अग्रवाल को भी मंत्री पद दिए जाने की चर्चा है।

बृजेश पाठक, आशुतोष टंडन, महेंद्र सिंह, सिद्धार्थनाथ सिंह, सतीश महाना और श्रीकांत शर्मा आदि जैसे कई मंत्रियों को दोबारा  जिम्मेदारी दी जा सकती है। रूदौली सीट से तीसरी बार विधायक बने रामचंद्र यादव  व रिकार्ड मतों से जीतने वाले गाजियाबाद के साहिबाबाद से विधायक सुनील शर्मा लगातार दूसरी बार विधायक बने हैं। इनदोनों का नाम भी शामिल हो सकता है।  भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने बलिया सदर से जीत दर्ज की, अब इनको मौका मिल सकता है।अपना दल से एमएलसी आशीष पटेल, कायमगंज से विधायक डॉ.सुरभि, प्रयागराज की बारा सीट से विधायक वाचस्पति के अलावा निषाद पार्टी से डा.संजय निषाद, तमुकहीराज से विधायक असीम राय को योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में जगह दी जा सकती है।

हालांकि अभी पार्टी की ओर से इस बात की पुष्टि नहीं की गई है। इसका फैसला संगठन करेगा। इसको लेकर 13 मार्च को दिल्ली में होने वाली बैठक में स्वतंत्रदेव सिंह संगठन मंत्री सुनील बंसल शामिल होंगे। योगी दिल्‍ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष से मुलाकात करेंगे।

यूपी में शपथ ग्रहण कार्यक्रम के लिए बीजेपी संगठन ने कुछ तारीखों को केंद्रीय नेतृत्‍व के पास भेजा है। इस सम्‍बन्‍ध में नई दिल्‍ली में बैठक में शपथ ग्रहण की तारीख पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।  यूपी में योगी सरकार पार्ट-2 के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री और बड़े नेता मौजूद रहेंगे। भाजपा शासन वाले प्रदेशों के मुख्‍यमंत्री भी इसका हिस्‍सा बन सकते हैं।