Breaking News

‘यादव रेजीमेंट’ बनाने की लोकसभा मे उठी मांग, कहा- यादवों की सेना में बड़ी भागीदारी

नयी दिल्ली, यादवों की बड़ी जनसंख्या और सेना में यादवों की बड़ी भागीदारी को लेकर, लोकसभा मे ‘यादव रेजीमेंट’ बनाने की मांग उठी।

कांग्रेस सांसद करण सिंह यादव ने मंगलवार को कहा कि देश में जाट रेजीमेंट और गुर्जर रेजीमेंट की तर्ज पर ‘यादव रेजीमेंट’ बननी चाहिए।

लोकसभा में शून्यकाल के दौरान कांग्रेस सदस्य ने यादव रेजीमेंट की मांग उठाते हुए कहा कि देश में करीब 20 करोड़ यादव हैं और देश की सेना में उनकी बड़ी भागीदारी है। ऐसे में अलग से ‘यादव रेजीमेंट’ बननी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सेना में पहले से ही जाट रेजीमेंट और गुर्जर रेजीमेंट हैं। इसी तरह यादव जाति के नाम पर भी एक अलग रेजीमेंट होनी चाहिए।

 भारतीय सेना में अहीर या यादव रेजीमेंट की मांग जोर पकड़ती जा रही है। एक ओर जहां अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा द्वारा प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अदालत में भी अहीर रेजीमेंट को लेकर सवाल उठाये गये हैं।

राजद सांसद जयप्रकाश यादव ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान भारतीय सेना से अहीर या यादव रेजीमेंट के उन्मूलन को लेकर लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव नोटिस भी दिया था।

भारतीय सेना में जाति और क्षेत्र आधारित 19 रेजीमेंट बनी हैं. इसके बावजूद सेना में अहीर रेजीमेंट का गठन नहीं किया गया है। इस कारण देश के यादव समाज के करीब 26 करोड़ लोगों में आक्रोश है।

इसके अलावा, राष्ट्रपति के अंगरक्षक कहे जानेवाले प्रेजीडेंट बॉडीगार्ड की टीम में वर्ष 1800 में अवध के हिंदू राजपूत और ब्राह्मण के साथ-साथ अहीर को भी शामिल किया गया था. लेकिन, बाद में हटा दिया गया था।