Breaking News

कश्मीर घाटी में हिमपात, बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट

श्रीनगर,  कश्मीर घाटी के पर्वतीय इलाकों में हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश होने के बाद गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे चला गया।

मौसम विभाग ने मैदानी इलाकों में हल्की बारिश, मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी तथा उत्तरी कश्मीर के सोनमर्ग, कुपवाड़ा और बांदीपोरा के पर्वतीय इलाकों में हिमपात का अवलोकन किया।

मौसम विभाग के अनुसार, कश्मीर और जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में कल शाम हल्की बारिश हुई और कुपवाड़ा, बांदीपोरा, गंदेरबल और बारामूला के पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई।

कल यानी 13 जनवरी को कई स्थानों पर हल्की बर्फबारी/बारिश होने का अनुमान है और 14-18 जनवरी तक मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा।

गुलमर्ग और सोनमर्ग सहित कश्मीर घाटी के ऊंचे इलाकों में बुधवार को हिमपात हुआ जबकि श्रीनगर सहित मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिसके कारण विभिन्न दूर-दराज के इलाकों से कई मुख्य सड़कों का संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गया।
कश्मीर घाटी में हिमपात और बारिश के कारण न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में आसमान में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि पिछली रात न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस था। मौसम की इस अवधि में यह सामान्य से 1.9 डिग्री ज्यादा रहा।

श्रीनगर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से 0.1 डिग्री सेल्सियस कम होकर 6.4 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में आज सुबह 08:30 बजे तक 2.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में गुरुवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 3.0 डिग्री सेल्सियस नीचे था। यहां पिछले 24 घंटों के दौरान आज सुबह 08:30 बजे तक 6.6 सेंटीमीटर बर्फबारी और 18.8 मिमी बारिश हुई।

दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे था। पिछले 24 घंटों में आज सुबह 08:30 बजे 11.1 मिलीमीटर बारिश हुई।

श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को यह 1.6 डिग्री सेल्सियस था। पिछले 24 घंटों में आज सुबह 08:30 तक 9.8 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि जबकि एक दिन पहले यह 0.7 डिग्री सेल्सियस था। गुरुवार को सुबह 08:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में 7.0 मिमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि सीमावर्ती कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात यह 1.5 डिग्री सेल्सियस था। पिछले 24 घंटों में आज सुबह 08:30 बजे तक 11.3 मिलीमीटर बारिश हुई।