भाजपा का हीट एक्शन प्लान हुआ विफल: आप

नयी दिल्ली,  आम आदमी पार्टी ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान हुयी गर्मी से मौत ने उसके हीट एक्शन प्लान की विफलता को उजागर कर दिया है।

आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार का हीट एक्शन प्लान पूरी तरह विफल हो चुका है। उन्होंने कहा कि निगम के सफाई कर्मचारी की ड्यूटी के दौरान गर्मी से मौत हो गयी। सरकार ने कहा था कि अपराह्न में श्रमिकों को छुट्टी दी जाएगी, लेकिन लगातार काम लिया जा रहा है। वहीं, अस्पतालों-सार्वजनिक स्थानों को ठंडा रखने की बात कही गयी थी, लेकिन जीटीबी अस्पताल में एसी-कुलर नहीं चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में पानी की भयंकर किल्लत है। बिजली कटौती के चलते लोग गर्मी में पूरी रात जागने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि आज अखबारों की सुर्खियां भाजपा की इन वादों की पूरी पोल खोल देती हैं। दिल्ली के अधिकांश इलाकों में पानी की भयंकर कमी है। कई क्षेत्रों में 14-14 घंटे तक बिजली कटौती हो रही हैं, जिसके चलते लोग पूरी रात गर्मी में जागने को मजबूर हैं। भाजपा शासित नगर निगम की स्थिति तो और भी शर्मनाक है। शुक्रवार दोपहर शाहदरा जोन में एक 45 साल के सफाई कर्मचारी की भीषण गर्मी में काम करने के दौरान मौत हो गई।
आप नेता ने कहा कि दिल्ली सरकार का जीटीबी अस्पताल, जो पूर्वी दिल्ली में एक प्रमुख सरकारी अस्पताल है, वहां हीट एक्शन प्लान तो दूर की बात है, बुनियादी सुविधाएं भी गायब हैं। अस्पताल में कई दिनों से एयर कंडीशनर बंद पड़े हैं। इतना ही नहीं, वार्डों में कूलर तक की व्यवस्था नहीं है। मरीजों के लिए बेड पर लेटना भी दूभर हो रहा है। मरीजों को पीने का पानी तक बाजार से खरीदकर लाना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button