Breaking News

डॉ. बंसल की हत्या पर बोले केशव मौर्य- इलाहाबाद अपराधियों का अभ्यारण्य बना

kesh-prasad-mauryaलखनऊ, भारतीय जनता पार्टी  के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने इलाहाबाद के मशहूर सर्जन डॉ. ए.के. बंसल की हत्या पर गहरा दुख जताते हुए कहा है कि ज्ञान का केन्द्र कहा जाने वाला इलाहाबाद सपा राज में अपराधियों का अभ्यारण्य बन गया है। अखिलेश सरकार में कानून व्यवस्था माखौल बन कर रह गई है और सरकारी मशीनरी पूरी तरह से पंगु हो गई है। भाजपा अध्यक्ष ने शुक्रवार को दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कठोर दण्ड की मांग करते हुए सरकार से सवाल किया कि डॉ. बंसल द्वारा लगातार सुरक्षा की मांग करने के बावजूद उन्हें सुरक्षा मुहैया क्यों नहीं कराई गई? पुलिस चौकी के पास आपराधिक घटना होती है और अपराधी पकड़े नहीं जाते हैं यह भ्रष्ट कानून व्यवस्था का कुफल है। असफलतम मुख्यमंत्री हैं अखिलेश मौर्य ने कहा कि प्रदेशभर के समाचार पत्र अपराधिक घटनाओं से पटे रहते हैं। मुख्यमंत्री और सपा कानून व्यवस्था के लिए जिम्मेदारी निभाने के बजाय अपने युवा और असफलतम मुख्यमंत्री का चेहरा ही सजाने के प्रयत्न में दिन रात लगे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम लखनऊ की ही ताजा अपराधिक घटनाओं को ही लें तो आशियाना की 7 साल की बच्ची से रेप, आशियाना की छात्रा की हत्या, माल की दलित छात्रा की बलात्कार के बाद जलाकर हत्या, माल में ही महिला की लटकती लाश, कल आशियाना से रहस्यमय तरीके से छात्रा के गायब होने के साथ ही चोरी, डकैती, लूट, हत्याओं की यह घटनाएं राजधानी की ही है और सरकार के कानून व्यवस्था के चेहरे पर बदनुमा दाग है। उ.प्र. सरकार का अपराधी फ्रेंडली व्यवहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को न जनता की परवाह है न उच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर की गई टिप्पणियों की। यहां तक की बीते गुरुवार को ही उच्च न्यायालय द्वारा जवाहरबाग कांड को लेकर जो टिप्पणी की गई है वह उ.प्र. सरकार के अपराधी फ्रेंडली व्यवहार को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जनता के सामने सपा सरकार के युवा मुख्यमंत्री की नाकामी पूरी तरह साफ है और जनता प्रदेश में परिवर्तन का निर्णय जल्द ही सुनाने वाली है। भाजपा आम जनता की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले कानून व्यवस्था की जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *